Sky diving will be done at Sangam with the help of Russian company
- फोटो : CITY DESK
प्रयागराज। विश्व पटल पर आध्यात्मिक-सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए संगम पर स्काई डाइविंग कराने की योजना है। इसके लिए विश्व की नामी एडवेंचर स्पोट्स कंपनी फ्लाइट क्लब से बाचीत शुरू हो गई है। रूसी कंपनी ने संगम पर स्काई डाइविंग के लिए अपने छोटे विमान भेजने के लिए हामी भी भर दी है। महीने भर बाद अगले वर्ष जनवरी में महर्षि भरद्वाज की जयंती पर इसका श्रीगणेश संगम तट से कराने की उम्मीद है।
गंगा, यमुना, अदृश्य सरस्वती केसंगम पर देश-दुनिया के पर्यटकों- श्रद्धालुओं को आकर्षित करने केलिए स्काई डाइविंग कराने की तैयारी की गई है। इसकी शुरुआत निजी क्षेत्र की संस्था भारत भाग्य विधाता एडवेंचर स्पोर्ट्स ने रूस की जानी मानी कंपनी फ्लाइट क्लब मदद से करने के लिए कदम बढ़ाया है। इसके लिए मास्को में एडवेंचर स्पोर्ट्स कंपनी और फ्लाइट क्लब के अधिकारियों के साथ एक दौर की वार्ता भी हो चुकी है। एडवेंचर स्पोर्ट्स कंपनी ने रूस के फ्लाइट क्लब को स्काई डाइविंग के लिए पर्याप्त सुविधाएं प्रयागराज में मुहैया कराने का वादा किया है। इसकेलिए फाफामऊ, इरादतगंज के रनवे को मुहैया कराने के लिए एयरपोर्ट अथारिटी को लिखा गया है। संगम पर स्काई डाइविंग के लिए रूसी विमान करीब तीन हजार फीट की ऊंचाई से उड़ेंगे। ऐसे में इसके लिए एयर ट्रैफिक कंट्रोल(एटीसी) के पटना कार्यालय से एनओसी लेने की भी प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। कोशिश हो रही है कि अगले वर्ष 18 जनवरी 2020 को महर्षि भरद्वाज की जयंती पर संगम तट पर स्काई डाइविंग की शुरूआत करा दी जाए। रूसी विमान के अलावा पैरा ग्लाइडिंग के जरिए महर्षि भरद्वाज की प्रतिमा से लेकर संगम स्थल तक पुष्पवर्षा कराई जाएगी। माना जा रहा है कि स्काई डाइविंग से प्रयागराज में आध्यात्मिक-सांस्कृतिक पर्यटन को विश्व पटल पर उभारने में मदद मिलेगी।
रूसी कंपनी फ्लाइट क्लब ने संगम पर स्काई डाइविंग के लिए अपने विमान मुहैया कराने के लिए हामी भर दी है। इसके लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए गए हैं। एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से एनओसी मिलने के बाद स्काई डाइविंग का रास्ता साफ हो जाएगा। वीरेंद्र पाठक, निदेशक भारत भाग्य विधाता एडवेंचर स्पोर्ट्स।
क्या है स्काई डाइविंग
--------------------------
इसके तहत निर्धारित एरिया में विमान के माध्यम से स्काई डाइविंग कराई जाती है। इसमें पैराशूट की सहायता से किसी विमान से बाहर निकलने और जमीन की सतह पर उतरने का लोग लुत्फ उठाते हैं।