स्कूल की छुट्टी के बाद बुधवार को बच्चों और सवारियों को लेकर आ रही एक अप्पे सरायइनायत के सुल्तानपुर गांव के सामने अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में अप्पे सवार बच्चों समेत करीब छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद चालक मौके से भाग गया।
सहसों निवासी छात्र उत्कर्ष केसरवानी पुत्र धर्मेंद्र केसरवानी और वंश गुप्ता पुत्र रघुवेंद्र गुप्ता सहित करीब छह लोग हबूसा मोड़ से अप्पे पर सवार होकर सहसों आ रहे थे। सुल्तानपुर गांव के सामने चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। तेज गति के कारण अप्पे सड़क के बीचोंबीच पलट गया।
अचानक हुए हादसे से अप्पे में सवार बच्चों और अन्य यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने घटनास्थल की ओर दौड़कर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायल बच्चों और अन्य सवारियों को चोटें आईं। सूचना मिलते ही घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए स्थानीय चिकित्सालय ले गए।
अवैध वाहनों पर ग्रामीणों का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में कई पुराने अप्पे वाहन बिना लाइसेंस और जरूरी मानकों के संचालित किए जा रहे हैं। इन वाहनों के चालक तेज आवाज में गाने बजाते हुए और तेज रफ्तार से सड़कों पर वाहन दौड़ाते हैं। इससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। कई वाहन पुराने और जर्जर हालत में हैं, फिर भी उनमें क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जाती हैं।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से ऐसे वाहनों की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने बिना लाइसेंस संचालित हो रहे वाहनों पर कार्रवाई करने को कहा। स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि अवैध वाहनों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़े हादसे की आशंका है।
सरायइनायत थाना प्रभारी प्रवीण कुमार गौतम ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। अभी तक किसी ने थाने में कोई सूचना नहीं दी है। यदि किसी ने तहरीर दी तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।