फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

SIR Prayagraj : आबादी बढ़ने के बावजूद शहर उत्तरी, पश्चमी और मेजा विधानसभा क्षेत्रों में घट गए मतदाता

Sat, 11 Apr 2026 01:25 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

22 साल बाद हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद शुक्रवार को जारी अंतिम वोटर लिस्ट के आंकड़े चौकाने वाले हैं। आबादी बढ़ने के बावजूद 22 साल की अवधि में इलाहाबाद उत्तर, इलाहाबाद पश्चिम व मेजा विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या कम हो गई है।
विज्ञापन
प्रयागराज की विधानसभावार फाइनल मतदाताओं की संख्या। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

22 साल बाद हुए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद शुक्रवार को जारी अंतिम वोटर लिस्ट के आंकड़े चौकाने वाले हैं। आबादी बढ़ने के बावजूद 22 साल की अवधि में इलाहाबाद उत्तर, इलाहाबाद पश्चिम व मेजा विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या कम हो गई है। अंतिम वोटर लिस्ट में कुल 38 लाख 65 हजार 795 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।

मतदान में हमेशा पीछे रहने वाले शहरी वोटरों ने मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए भी कोई विशेष रुचि नहीं दिखाई। छह जनवरी को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट की हालत तो और खराब थी जब अनुपस्थित, शिफ्टेड, डुप्लीकेट, मृतक (एएसडी) श्रेणी में चिह्नित 11 लाख 56 हजार 305 मतदाताओं काटे जाने के बाद ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कुल 35 लाख 36 हजार 555 मतदाताओं के नाम ही शेष रह गए थे।

विज्ञापन


एक जनवरी 2003 की अर्हता तिथि के आधार पर हुए पिछले एसआईआर में इलाहाबाद उत्तर में 377592, इलाहाबाद पश्चिम में 370381 व मेजा विधानसभा क्षेत्र में 314567 मतदाता थे। नए एसआईआर की अंतिम वोटर लिस्ट में इन तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या घटकर क्रमश: 282901, 367256 व 287606 हो गई है। यानी 22 वर्षों में इलाहाबाद उत्तर में 94691, इलाहाबाद पश्चिम में 3125 व मेजा में 26961 मतदाता कम हो गए।


विधानसभा वार वोटरों की संख्या के लिए क्लिक करें

विज्ञापन

मंत्री नंदी के विधानसभा क्षेत्र में 25.68 फीसदी मतदाता घटे

अनंतिम मतदाता सूची 2025 - फोटो : अमर उजाला।

एसआईआर में मतदाताओं का सत्यापन 2003 और 27 अक्तूबर 2025 की वोटर लिस्ट से किया गया है। 27 अक्तूबर 2025 की वोटर लिस्ट में 46 लाख 92 हजार 860 मतदाता शामिल थे और एसआईआर के तहत शुक्रवार को जारी अंतिम वोटर लिस्ट में मतदाताओं की संख्या घटकर 38 लाख 65 हजार 795 रह गई है। यानी एसआईआर के तहत जारी अंतिम वोटर लिस्ट में 826885 मतदाता (17.62 फीसदी) कम हो गए। मतदाताओं की संख्या का ग्राफ गिरने के मामले में प्रयागराज उत्तर प्रदेश में आठवें स्थान पर है। कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के इलाहाबाद दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में मतदाताओं की संख्या का ग्राफ सबसे अधिक नीचे आया। इस विधानसभा क्षेत्र में 99059 मतदाता (25.68 फीसदी) कम हुए हैं।



अक्तूबर 2025 में विधानसभावार वोटरों की संख्या यहां देखें

वर्ष 2003 की मतदाता सूची। - फोटो : अमर उजाला।

इलाहाबाद पश्चिम में सबसे अधिक महिला मतदाता

लिस्ट में दर्ज कुल 3865975 मतदाताओं में से 2119258 पुरुष व 1746389 महिला मतदाता हैं। सबसे अधिक 168897 महिला मतदाता इलाहाबाद पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में हैं। दूसरे नंबर पर प्रतापपुर में 159847 और तीसरे नंबर पर हंडिया में 151537 महिला मतदाता हैं। वहीं, सबसे कम 126677 महिला मतदाता मेजा विधानसभा क्षेत्र में हैं।

लिस्ट में 328 थर्ड जेंडर भी शामिल

अंतिम वोटर लिस्ट में 328 थर्ड जेंडर मतदाताओं को शामिल किया गया है। सर्वाधिक 108 थर्ड जेंडर मतदाता इलाहाबाद दक्षिण और सबसे कम पांच थर्ड जेंडर मतदाता फाफामऊ विधानसभा क्षेत्र में हैं।


विधानसभावार फाइनल वोटरों की संख्या यहां देखें

तीन माह में तीन लाख से अधिक नए वोटर जुड़े

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट का प्रकाश छह जनवरी को हुआ था। तीन माह में विशेष अभियान चलाकर 329420 नए मतदाताओं को अंतिम वोटर लिस्ट में शामिल किया गया। एसआईआर के तहत दावे और आपत्तियों की अवधि में नए वोटर बनने के लिए कुल 342029 फार्म-छह, अनिवासी भारतीयों के 93 फार्म-छह ए, नाम विलोपन के लिए 16047 फार्म-सात और नाम, पिता के नाम आदि में संशोधन के लिए 81325 फार्म-आठ का निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने निस्तारण कराते हुए ई-रोल अपडेशन की कार्रवाई पूरी की।

49117 वोटरों को पहली बार मिला मताधिकार

अंतिम वोटर लिस्ट में 18 से 19 आयु वर्ग के कुल 49119 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं। अगले चुनाव में इन्हें पहली बार मतदान करने का मौका मिलेगा। वहीं, 85 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के कुल 15360 मतदाता और 32546 दिव्यांग मतदाता भी शामिल हैं। इसी के साथ ही जनपद का जेंडर रेशियो 804 से बढ़कर 824 एवं इलेक्टर पॉपुलेशन रेशियो 47.49 से बढ़कर 51.91 हो गया है।

विज्ञापन

अंतिम वोटर लिस्ट बूथों के साथ ऑनलाइन भी उपलब्ध

उप जिला निर्वाचन अधिकारी पूजा मिश्रा के अनुसार, अंतिम वोटर लिस्ट जिला निर्वाचन कार्यालय, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय और जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर एक सप्ताह की अवधि के लिए निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी। कोई भी मतदाता अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में अपना अथवा संबंधी का नाम देख सकता है। इसके अलावा https://prayagraj.nic.in/ एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in/ पर भी वोटर लिस्ट देखी जा सकती है।

डीएम ने राजनीतिक दलों को सौंपी वोटर लिस्ट

एसआईआर के तहत अंतिम वोटर लिस्ट जारी करने से पहले डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्ट्रेट के संगम सभागार में बैठक की और इसके बाद राजनीतिक दलों को वोटर लिस्ट में एक-एक हार्ड व सॉफ्ट कॉपी सौंपी।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें