सांसद निधि की लापरवाही पर बाबू को कारण बताओ नोटिस
प्रयागराज। पूर्व सांसद स्वर्गीय श्यामा चरण गुप्ता की सांसद निधि के 20 हजार रुपये अब तक ट्रांसफर न होने के मामले में विकास भवन में तैनात क्लर्क को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। इस मामले की जांच सीडीओ शिपू गिरि ने डीडीओ अशोक कुमार मौर्य को दी है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2014 से 2019 तक सांसद रहे श्यामा चरण गुप्ता ने एक विद्यालय के विकास के लिए कुछ राशि जारी की। इस दौरान स्कूल के लिए आवंटित कुल राशि में से 20 हजार रुपये रह गए। जबकि नियमानुसार 18 माह तक राशि खाते में न जाने पर स्वत: सरेंडर मान ली जाती है। इस वजह से राशि तो सरेंडर हो गई, लेकिन जहां काम हुआ वहां अब भी लोग राशि केे इंतजार में हैं। इसकी शिकायत सीडीओ तक पहुंची तो उन्होंने सहायक पटल से इस बारे में पूछा। इस दौरान पटल सहायक ने स्वीकार किया कि भूलवश राशि ट्रांसफर नहीं हो सकी। इसे देखते हुए उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इस बारे में जांच अधिकारी डीडीओ अशोक कुमार मौर्य का कहना है कि मामला पूरी तरह से लापरवाही का ही प्रतीत हो रहा है। ब्यूरो