इलाहाबाद। खुल्दाबाद सब्जीमंडी के पास स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के एटीएम में रविवार दोपहर शार्ट सर्किट से आग लग गई। बूथ के अंदर से धुंआ उठते देख खलबली मच गई। आग की सूचना पर बैंक मैनेजर अरुण जैन भागकर मौके पर पहुंचे। आग को बढ़ते देख लोग दहशत में आ गए। एटीएम में लाखों की रकम मौजूद थी। मैनेजर इस बात को लेकर परेशान थे कि कहीं आग बढ़कर मशीन तक न पहुंच जाए और एटीएम रखा कैश न जल जाए। तत्काल आग की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
आग एटीएम तक नहीं पहुंच पाई। फायरमैन धर्मेंद्र मिश्र ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगी थी। जिससे वायरिंग, मीटर और एसी जला है। मैनेजर अरुण जैन ने बताया कि बूथ के बगल स्थित ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट हुआ। उसी के प्रभाव से मीटर में शार्ट सर्किट हुआ था। वहीं धूमनगंज के जयंतीपुरम में एक खाली प्लाट में लोग कूड़ा फेंकते हैं। प्लाट में एक शीशम का पेड़ है। दोपहर में किसी ने कूड़े में आग लगा दिया। जिससे आग शीशम के पेड़ तक पहुंच गई। मोहल्ले के लोगों ने पेड़ को जलते देख फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया गया।