फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी : सड़क और श्मशान की जमीन पर दुकानें नहीं बना सकते, हाईकोर्ट ने 18 दुकानदारों की याचिकाएं खारिज की

Fri, 27 Nov 2026 04:09 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर निजी कारोबार खड़ा करने की अनुमति नगर निकाय भी नहीं दे सकते। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने साफ कर दिया कि सड़क और श्मशान के लिए दर्ज सरकारी जमीन पर दुकानें बनाना या उनका आवंटन करना कानूनन वैध नहीं है। इसी टिप्पणी के साथ कोर्ट ने बांदा के 18 दुकानदारों को राहत देने से इनकार कर दिया।

विज्ञापन
अदालत का फैसला। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि नगर निकाय सड़क और श्मशान जैसे सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित सरकारी जमीन पर न दुकानें बना सकती है न ही आवंटित कर सकती है। इस टिप्पणी संग न्यायमूर्ति अजित कुमार और न्यायमूर्ति गरिमा प्रसाद की खंडपीठ ने बांदा के 18 दुकानदारों की याचिकाएं खारिज कर दीं। मामला नगर पंचायत बबेरू का है।

विज्ञापन


नगर पंचायत ने दो मंजिला व्यावसायिक परिसर बनाकर वर्ष 2010 और 2016 में दुकानों का आवंटन किया था। दुकानदारों ने प्रीमियम, किराया और सुरक्षा राशि जमा करने के साथ दुकानों में काफी पैसा खर्च किया था।

उन्होंने नगर पंचायत के तीन अगस्त के आदेश को चुनौती देते हुए दुकानों को गिराने पर रोक लगाने की मांग की थी। उनका कहना था कि निर्माण नगर पंचायत ने कराया और दुकानें भी उसी ने आवंटित कीं। ऐसे में उन्हें अतिक्रमणकारी नहीं माना जा सकता। दुकानदारों ने पट्टा समाप्त करने से पहले संपत्ति अंतरण अधिनियम की धारा-106 के तहत छह माह का नोटिस नहीं देने पर भी सवाल उठाया।
विज्ञापन


कोर्ट ने क्षेत्रीय लेखपाल की 15 जनवरी की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि व्यावसायिक परिसर गाटा संख्या 680 और 769 पर बना है। इनमें गाटा संख्या 680 बबेरू-राजापुर सड़क और गाटा संख्या 769 श्मशान के रूप में राजस्व अभिलेखों में दर्ज है। इन प्रविष्टियों को गलत साबित करने के लिए याचियों ने न तो कोई राजस्व अभिलेख पेश किया और न ही सीमांकन की मांग की। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि नगरपालिका अधिनियम की धारा 293(1) नगर निकाय को ऐसी सरकारी जमीन पट्टे पर देने का अधिकार नहीं देती, जिस पर उसका वैध नियंत्रण नहीं है।

संपत्ति अंतरण अधिनियम की धारा-106 का नोटिस संबंधी प्रावधान भी सरकारी जमीन पर पट्टा देने के अधिकार की कमी को दूर नहीं कर सकता। सार्वजनिक सड़क और श्मशान की जमीन पर अनधिकृत निर्माण को खर्च की गई रकम या न्यायसंगत रोक के सिद्धांत से वैध नहीं बनाया जा सकता। कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के एमआई बिल्डर्स और जगपाल सिंह मामलों का हवाला देते हुए कहा कि सार्वजनिक उपयोग की जमीन को निजी कब्जे के लिए नियमित नहीं किया जा सकता।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें