फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईकोर्ट : बिना सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी पुलिसकर्मियों पर नहीं चलेगा मुकदमा, हाईकोर्ट ने रद की कार्यवाही

Fri, 27 Nov 2026 03:59 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

सरकारी ड्यूटी के दौरान किए गए कथित कृत्य के लिए पुलिसकर्मियों को सीधे अदालत में नहीं घसीटा जा सकता। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में मुकदमा चलाने से पहले सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी जरूरी है। इसी आधार पर कोर्ट ने बांदा के तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ चल रही आपराधिक कार्यवाही रद कर दी।

विज्ञापन
इलाहाबाद हाईकोर्ट। - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि सरकारी ड्यूटी के दौरान कथित रूप से किए गए किसी गलत काम के लिए संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए सक्षम प्राधिकारी की पूर्व मंजूरी जरूरी है। इस टिप्पणी संग कोर्ट ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ दर्ज आपराधिक मुकदमे की पूरी कार्यवाही रद्द कर दी। यह आदेश न्यायमूर्ति संदीप जैन ने बांदा के तत्कालीन थाना प्रभारी केएन मिश्रा और दो अन्य पुलिसकर्मियों की याचिका पर दिया है।

विज्ञापन


बांदा जिले के गिरवां थाना क्षेत्र में परिवादी योगेंद्र मिश्रा का जमीन पर बाउंड्रीवॉल बनवाने को लेकर पड़ोसियों से विवाद चल रहा था। आरोप था कि 11 मई 2013 की रात आरोपी पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे। उन्होंने बाउंड्रीवॉल का निर्माण रुकवा दिया धमकी दी और गाली-गलौज की। परिवादी की ओर से दर्ज कराए गए परिवाद में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने चार मार्च 2014 को समन जारी किया। इस फैसले को याची पुलिसकर्मियों ने हाईकोर्ट में चुनौती देते हुए पूरी कार्यवाही रद करने की गुहार लगाई।

याची अधिवक्ता ने दलील दी कि संबंधित भूमि पर विवाद के कारण शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका थी। पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपने सरकारी दायित्व का निर्वहन कर रहे थे। कथित घटना का संबंध उनकी आधिकारिक ड्यूटी से था इस कारण धारा 197 सीआरपीसी के तहत सक्षम प्राधिकारी की पूर्व मंजूरी के बिना उनके खिलाफ मुकदमा नहीं चलाया जा सकता।
विज्ञापन


कोर्ट ने कहा कि सरकारी ड्यूटी से सीधे जुड़े कथित कृत्य के लिए अभियोजन से पहले सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी आवश्यक थी। ऐसी मंजूरी के बिना जारी समन आदेश कानूनी रूप से टिकाऊ नहीं है। इस आधार पर हाईकोर्ट ने याचिका स्वीकार करते हुए समन आदेश समेत पूरे आपराधिक मुकदमे की कार्यवाही रद कर दी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें