मांडा। मांडारोड बाजार में रविवार देर रात्रि शॉर्ट सर्किट से एक मेडिकल स्टोर में आग लग गई। आग से हजारों रुपये की दवाएं जलकर राख हो गईं। इस दौरान दुकान का शटर खोलने के दौरान इन्वर्टर बैटरी के फटने और आग से दुकान संचालक झुलस गया। परिजनों ने घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें एसआरएन रेफर कर दिया गया। कनेवरा गांव निवासी आनंद शुक्ला मांडारोड बाजार में किराये के मकान में मेडिकल स्टोर चलाते हैं। रविवार रात्रि करीब एक बजे दुकान में आग लग गई। धुआं निकलता देख दुकान मालिक ने घटना की जानकारी मेडिकल स्टोर संचालक को दी। इस दौरान मौके पर पहुंचे आनंद शुक्ला ने दुकान का ताला खोलकर शटर उठाने का प्रयास किया। तभी दुकान में रखी इन्वर्टर की बैटरी में तेज धमाका हुआ और आग की चपेट में आने से दुकान संचालक झुलस गया।
लोगों ने घायल को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराते हुए परिजनों को सूचना दी। दूसरी तरफ घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने सबमर्सिबल पंप की सहायता से एक घंटे की मशक्कत बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में रखी दवाएं जलकर राख हो गईं।