करेली में नुरुल्ला रोड पर स्थित मुस्तफा कांप्लेक्स के पास एक जूते की दुकान पर मंगलवार की दोपहर फायरिंग कर दी गई। हमलावर पहुंचे तो दुकान के कर्मचारी डर के कारण वहां से भाग निकले थे। घटना कचहरी से शुरू हुई थी। हमलावरों ने दुकान मालिक से मारपीट कर उसे धमकी दी लेकिन वकीलों ने उन्हें दौड़ा लिया। वहां से भागने के बाद हमलावरों ने दुकान पर हमला कर तोड़फोड़ किया। करेली थाने में तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
बैरियर चौराहा के पास रहने वाले फजल की मुस्तफा कांप्लेक्स के पास जूते की दुकान है।
फजल का जीशान से पुराना झगड़ा चल रहा है। झगड़े में करेली थाने में रिपोर्ट दर्ज है। उसी मामले की तारीख पर फजल मंगलवार को कचहरी पहुंचा था। वहीं पर उसके विरोधी भी पहुंच गए थे। फजल का आरोप है कि दूसरे पक्ष के जीशान, शाकिब और सद्दाम आदि ने उसे कचहरी में ही जान से मारने की धमकी दी और पीटने लगे। तब तक शोर मच गया। फजल के साथ के लोगों ने हमलावरों को दौड़ाया तो वकीलों ने भी खदेड़ लिया। हमलावर वहां से भाग निकले। इसके बाद वे सीधे फजल की जूते की दुकान पर पहुंच गए। वहां तमंचा निकालकर फायरिंग करने लगे।
यह देखकर दुकान के कर्मचारी वहां से भाग निकले। हमलवारों ने वहां तोड़फोड़ भी की। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। एसओ विनोद कुमार ने बताया कि फजल और दूसरे पक्ष में पहले से झगड़ा चल रहा था। आज भी झगड़ा कचहरी में हुआ था। उसके बाद हमलावरों ने दुकान पर फायरिंग कर दी। शाकिब, जीशान और सद्दाम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उनकी तलाश की जा रही है।