उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी 2026) का परिणाम 26 अगस्त को घोषित किया है। कुछ अभ्यर्थी परीक्षा परिणाम को लेकर असंतुष्ट हैं। विभिन्न जनपदों से अभ्यर्थी चयन आयोग पहुंचकर प्रत्यावेदन दे रहे थे। बृहस्पतिवार को चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार की ओर से स्पष्ट किया गया कि इच्छुक अभ्यर्थी अब अपना प्रत्यावेदन आयोग के ई-मेल
upesscprayagraj@gmail.com पर भेज सकते हैं।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि यूपी-टीईटी के घोषित परिणाम के बाद अपने अनुतोष के संबंध में प्रत्यावेदन प्रस्तुत करने के इच्छुक अभ्यर्थी अपना प्रत्यावेदन 10 सितंबर तक ई-मेल पर उपलब्ध कराएंगे। इसके बाद गठित समिति इस पर निर्णय लेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि बुधवार से आयोग कार्यालय में इस संबंध में ऑफलाइन माध्यम से कोई भी प्रत्यावेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को अपने प्रत्यावेदन निर्धारित अंतिम तिथि तक केवल ई-मेल के माध्यम से ही भेजने होंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए अपने प्रत्यावेदन समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराएं ताकि प्राप्त प्रत्यावेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जा सके।