कसारी-मसारी में प्रेमी से वीडियो कॉल पर बात करते हुए फंदे से लटक कर जान देने वाली शहनाज (25) ने प्रेमी की बेवफाई से आहत होकर आत्मघाती कदम उठाया था। इससे पहले 10 जून को उसने शादी के सपने संजो रखे थे। इसके लिए पूरी तैयारी की थी, लेकिन लगातार तीसरी बार प्रेमी के दगा देने से वह इस कदर टूट गई कि 29 मई को उसने अपना जीवन ही खत्म कर लिया। शहनाज के संबंध में उक्त जानकारी देते हुए दुकान की मालकिन की आंखें भर आईं, जहां वह कार्य करती थी।
नगर कोतवाली क्षेत्र के चौक स्थित एक कपड़े की दुकान पर शहनाज काम करती थी। मंगलवार को संवाद की टीम उस दुकान पर पहुंची तो उसकी मालकिन मीता ने बताया कि अपनी शादी को लेकर शहनाज किस कदर उत्सुक थी। दुकान पर वह अन्य आठ महिलाओं के साथ काम करती थी, जहां सभी उसे सानिया कहकर बुलाते थे। 10 जून को शादी की तिथि नजदीक आने से वह उत्साहित थी और महिलाकर्मियों से तैयारी को लेकर चर्चा करती थी। दुकान मालकिन ने बताया कि वह कहती थी यहां उसके परिवार का कोई नहीं है।
सब कुछ आप लोग ही करेंगे। पड़ोस में स्थित सर्राफे की दुकान से उसने शादी के लिए गहने खरीदे थे। दुकान से कपड़ा ले गई थी। यही नहीं शादी के लिए करेली में गेस्ट हाउस भी बुक कराया था। इसके बाद कथित प्रेमी दिलशाद से शादी से इंकार कर दिया, जिसे वह बर्दाश्त नहीं कर सकी। मीता बताती हैं कि बुधवार के दिन सानिया हर दिन की तरह दुकान पर काम करने के लिए आई थी, लेकिन अगले दिन बृहस्पतिवार को उसकी माैत की खबर मिली।