PM Modi Targets Opposition at Saharanpur railly
- फोटो : ब्यूरो/अमर उजाला, सहारनपुर
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने और जनसभा को संबोधित करने 12 जून को इलाहाबाद आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इलाहाबाद में दो दिन के कार्यक्रम में शुक्रवार शाम अचानक संशोधन कर दिया गया। अपने व्यस्त कार्यक्रम में पीएम मोदी ने हाईकोर्ट के लिए भी 20 मिनट का समय निकाल लिया है। माना जा रहा है कि पिछले दिनों भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की ओर से हाईकोर्ट बेंच विभाजन के मुद्दे पर दिए गए विवादित बयान पर बैलेंस बनाने के लिए मोदी हाईकोर्ट जाएंगे। प्रधानमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम जिला प्रशासन की ओर से जारी कर दिया गया है। वह यहां 12 जून को रात्रि विश्राम करेेंगे और 13 को परेड मैदान पर आयोजित जनसभा को संबोधित करने के बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
बता दें कि अमित शाह ने पिछले दिनों आगरा की वकीलों से मुलाकात के दौरान हाईकोर्ट बेंच विभाजन के मुद्दे पर अपनी सहमति जताई थी। यह सूचना आने के बाद इलाहाबाद समेत पूर्वांचल के वकीलों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने आंदोलन की घोषणा भी कर दी। ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव में अमित शाह का यह बयान भाजपा पर भारी पड़ सकता है। शुक्रवार शाम जिला प्रशासन ने आधिकारिक रूप से प्रधानमंत्री का कार्यक्रम जारी किया तो इसमें हाईकोर्ट जाने का भी 20 मिनट का कार्यक्रम शामिल था। कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 जून को अपराह्न 2.40 बजे वायुयान से बम्हरौली हवाईअड्डा पहुचेंगे और वहां से कार से तीन बजे होटल कान्हा श्याम आएंगे।
आधा घंटा भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद अपराह्न 3.35 हाईकोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे। 3.40 बजे हाईकोर्ट पहुंचेंगे, जहां शाम चार बजे तक उनका कार्यक्रम आरक्षित रखा गया है। मोदी वहां चीफ जस्टिस कोर्ट, चीफ जस्टिस चैंबर, चीफ जस्टिस लाइब्रेरी और हाईकोर्ट म्युजियम भी देख सकते हैं। इसके बाद केपी कॉलेज मैदान पर भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होंगे। 13 जून को सुबह 10 बजे फिर बैठक में शामिल होंगे और शाम पांच बजे परेड मैदान पर आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। वापस पर प्रधानमंत्री को पहले परेड से बम्हरौली तक सड़क मार्ग से जाना था लेकिन अब इस कार्यक्रम में संशोधन किया गया है। शाम 6.05 बजे जनसभा स्थल से बम्हरौली एयरपोर्ट के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे और वहां से वायुयान से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।