माहे रजब की चौदहवीं शब पर बृहस्पतिवार को शबेबरात के मौके पर पुरखों की कब्रों पर चरागां किया जाएगा। फातिहा पढ़ने के साथ ही दुआ भी मांगी जाएगी। इसके मद्देनजर बुधवार को पूरे दिन कब्रिस्तानों में साफ-सफाई और कब्रों पर मिट्टी चढ़ाने का काम जारी रहा।
शहर काजी मुफ्ती शफीक अहमद शरीफी ने तमाम मुसलमानों से कहा है कि वे पूरी रात इबादत में गुजारें। वे आतिशबाजी, पटाखों से दूर रहें। कब्रिस्तान करीब है तो पैदल जाएं, वरना गाड़ियों से जाएं तो गाड़ियां इस तरह खड़ी करें कि किसी को दिक्कत न हो। जुमा को रोजा रखें। वहीं उन्होंने प्रशासन से कब्रिस्तानों में साफ-सफाई के साथ वहां बिजली, पानी, सुरक्षा आदि का इंतजाम कराने की मांग की है।
इसी तरह मौलाना सैयद हसन रजा ने कहा है कि इबादत में पूरी रात गुजारें। यह गुनाहों से दूर रहने वाली शब है। कब्रिस्तान में चरागां करना सुन्नत है। वहीं सपा के महानगर मीडिया प्रभारी सैयद मुहम्मद अस्करी ने कब्रिस्तानों के पास साफ-सफाई का इंतजाम न होने पर नाराजगी जताई है।
जश्ने इंतेजार की महफिल आज
इमामे अस्र की ओर से दरियाबाद स्थित इमामबाड़ा हुसैन अली में बृहस्पतिवार को रात नौ बजे से जश्ने इंतेजार की महफिल होगी। इसे इमाम जुमा मौलाना सैयद हसन रजा खिताब करेंगे।