कोखराज में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़
मौके से छह युवतियों समेत तीन युवक पकड़े गए
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर । कोखराज कोतवाली पुलिस ने बुधवार को क्षेत्र के एक गांव में छापा मार कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया। रैकेट थाने के एक चौकीदार का भाई संचालित कर रहा था। पुलिस ने मौके से छह युवतियों व तीन युवकों को पकड़ा। सभी को देर शाम मुचलके पर छोड़ दिया गया।
कोखराज कोतवाली इलाके में सेक्स रैकेट का गोरखधंधा काफी दिनों से चल रहा है। दो साल पहले हाईवे के किनारे एक मकान में रैकेट से जुड़े लोग पकड़े गए थे। इसके बाद गिरोह के लोगों ने कोखराज कोतवाली के शहजादपुर चौकी इलाके में अपना ठिकाना बना लिया। जिस स्थान पर यह अवैध काम हो रहा था, वह थाने के चौकीदार के भाई का घर था। बुधवार शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक घर में छापा मारा। मौके से छह लड़कियां व तीन युवक पकड़े गए। सभी को हिरासत में लेकर कोखराज कोतवाली लाया गया। यहां देर शाम सभी को मुचलके पर छोड़ दिया गया। इस बाबत शहजादपुर चौकी प्रभारी का कहना था कि सेक्स रैकेट संचालित होने की सूचना मिली थी, लेकिन पकड़े गए लोगों में इस तरह की संलिप्तता नहीं मिली। पकड़े गए लोगों ने बताया कि वह दवा लेने आए थे। सभी को मुचलके पर छोड़ दिया गया ।हालांकि पुलिस के पास इस बात का जवाब नहीं था कि जिस स्थान से लोग पकड़े गए वहां न तो कोई अस्पताल था और न ही आसपास कोई क्लीनिक था।