कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) टियर-टू परीक्षा के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी सर्वर डाउन होने के चलते कई केंद्रों पर हंगामा हुआ। झूंसी के अंबिका इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट की परीक्षा दूसरे दिन भी सर्वर डाउन होने के चलते निरस्त कर दी गई। परीक्षार्थियों ने यहां बवाल भी किया। वहीं नैनी, सुलेम सरांय, करेली सहित कई अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी सर्वर की समस्या के चलते हंगामा हुआ।
एसएससी की सीजीएल टियर-टू परीक्षा के तीसरे दिन शुक्रवार को 10 से 12 बजे के बीच सांख्यिकी एवं 2.45 से 4.45 बजे के बीच सामान्य अध्ययन (फाइनेंस-इकोनामिक्स) की परीक्षा होगी। इसके लिए इलाहाबाद में 32, लखनऊ में 23, कानपुर में सात, वाराणसी में 10 एवं पटना में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। एसएससी मध्य क्षेत्र के निदेशक राहुल सचान ने बताया कि परीक्षा में दूसरे दिन कुल 16419 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, इसमें पहली पाली में 13744 एवं दूसरी पाली में 13674 परीक्षार्थी शामिल हुए। निदेशक ने बताया कि सर्वर की परेशानी को लेकर अन्य केंद्रों पर भी शिकायत मिली है, परंतु केंद्र व्यवस्थापकों ने इसे दूर कर लिया।
एसएससी की ओर से 30 नवंबर को शुरू हुई सीजीएल टियर-टू की परीक्षा देश भर के 56 शहरों के 351 केंद्रों पर परीक्षा हुई। इस परीक्षा में सर्वर की गड़बड़ी के कारण पहले दिन 13 केंद्रों की परीक्षा निरस्त करनी पड़ी थी।
एसएससी के चेयरमैन की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि कुछ लोगों ने गलत तरीके से यह प्रचार करने की कोशिश की है कि परीक्षा में नकल हुई है। अभ्यर्थियों ने जिन परीक्षा केंद्रों के बारे में शिकायत की है, उनकी परीक्षा पहले ही निरस्त कर दी गई है। चेयरमैन ने नकल के आरोप को पूरी तरह से निराधार बताया है।