अक्षय तृतीया पर महिलाओं को आकर्षित करने के लिए ब्रांडेड सराफा बाजार पूरे रंग में है। साथ ही महिलाओं को दुपहिया, चार पहिया, मोबाइल, लैपटॉप, मोबाइल बैकअप पॉवर और टीवी सेट भी गिफ्ट में मिल सकते हैं। सराफा की तरह इलेक्ट्रानिक गुड्स बाजार भी ग्राहकों के लिए सज रहा है। लैपटॉप और मोबाइल की रेंज देखने और पसंद करने के लिए सोमवार को भी शोरूमों पर महिलाएं रंग और रेट का जोड़ लगाने के लिए निकलीं। उधर, ऑनलाइन बुकिंग भी होने की संभावना है। ऑनलाइन कारोबार करने वाली कंपनियों पर दोपहर तक कई मोबाइल ब्रांड की खूब बुकिंग हुई।
ब्रांडेड ज्वैलरी से जुड़ी कंपनियों ने अक्षय तृतीया का बड़ा बाजार खड़ा किया है। सराफा शोरूमों पर ग्राहकों के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। चड्ढा ज्वैलर्स के राकेश चड्ढा के मुताबिक तैयारियां पूरी हैं। सोने की कीमतों में सुधार होने के कारण ग्राहकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। गहनों के साथ मोबाइल और लैपटॉप की अच्छी बिक्री हो सकती है। आकाश इन्फोटेक के राजन सिंह बताते हैं कि त्योहार पर सामान्य दिनों की अपेक्षा बिक्री अच्छी रहेगी लेकिन बहुत ज्यादा फर्क आने की संभावना है।
आईटी उत्पादों के विक्रेता शिवशंकर सिंह कहते हैं कि नए दौर में महिलाओं में इलेक्ट्रानिक गैजेट्स को लेकर उत्सुकता बढ़ी है। नौकरीपेशा और छात्रों में ही नहीं, घरेलू महिलाएं भी स्मार्ट फोन का इस्तेमाल कर रही हैं। अक्षय तृतीया पर खरीदारी के पहले शोरूमों पर गैजेट्स पंसद करने के लिए पतियों, परिजनों और मित्रों के साथ महिलाएं पहुंचीं। नौकरीपेशा और कॉलेज जाने वाली छात्राएं आठ से 15 हजार रुपये के बीच वाले गैजेट्स ज्यादा पसंद कर रही हैं। ग्रीनलैंड मोटर्स के निदेशक आयुष खेत्रपाल का अनुमान है कि अक्षय तृतीया पर विभिन्न कंपनियों की 75 से ज्यादा गाड़ियों की बिक्री हो सकती है। दर्जनभर से ज्यादा ने अग्रिम बुकिंग भी करा ली है।