यूपी बोर्ड परीक्षा की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की कापियों का मूल्यांकन पूरा होने के बाद अब बोर्ड की ओर से परीक्षा परिणाम जारी करने की तैयारी शुरू हो गई है। यूपी बोर्ड की ओर से मूल्यांकन 30 मार्च से शुरू होकर 18 अप्रैल को पूरा हो गया। जिले में अभी भौतिकी, रसायन एवं हिन्दी की कुछ कापियों का मूल्यांकन अधूरा है। इसे शीघ्र पूरा करके बोर्ड को भेज दिया जाएगा। इस बीच मूल्यांकन के बाद संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों से मूल्यांकन के बाद एवार्ड ब्लैंक को बोर्ड मुख्यालय भेजा जा रहा है। परीक्षा परिणाम मई के दूसरे और तीसरे सप्ताह में प्रस्तावित है।
यूपी बोर्ड की ओर से कापियों का मूल्यांकन 30 मार्च से शुरू हुआ था, बीच में माध्यमिक शिक्षक संघ के बहिष्कार के कारण मूल्यांकन विधिवत आठ अप्रैल से शुरू हो सका। सरकार की ओर से शिक्षकों की मांग पूरी करने के मूल्यांकन में तेजी आई। यूपी बोर्ड परीक्षा में 65 लाख परीक्षार्थी पंजीकृत थे, इसमें सात लाख के परीक्षा छोड़ देने के बाद अब 58 लाख परीक्षार्थी शेष हैं। बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि मूल्यांकन में सप्ताह भर की बाधा के कारण अब परिणाम मई के दूसरे सप्ताह में नहीं बल्कि तीसरे सप्ताह में आएगा। इलाहाबाद में भौतिकी, रसायन एवं हिन्दी की कुछ कापियों का मूल्यांकन पूरा नहीं हो सका है। जिला विद्यालय निरीक्षक कोमल यादव ने प्रधानाचार्यों से संबंधित विषयों के शिक्षकों को मूल्यांकन के लिए भेजने को कहा है।