माघ मेले के सबसे प्रमुख स्नानपर्व मौनी अमावस्या की सुरक्षा के लिए मेला क्षेत्र में सात हजार से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया है। एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड(एटीएस) के साथ ही यहां स्पेशल टास्क फोर्स(एसटीएफ) को भी लगाया गया है। खास बात यह कि जवानों को शाम से ही ड्यूटी पर मुस्तैद कर दिया गया।
मेले में सिविल पुलिस के छह हजार जवान लगाए गए हैं। इसके अलावा छह कंपनी आरएएफ व 15 कंपनी पीएसी तैनात की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से पूरे मेला क्षेत्र को तीन जोन में बांटा गया है। इसमें संगम की कमान अपर पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया, अरैल में एएसपी मोनिका चड्ढा व झूंसी में एएसपी वंशराज यादव को सौंपी गई है। इसके अलावा इन तीन जोनों में कुल सात सर्किल बनाई गई हैं जिनमें 13 थाने व 38 चौकियां बनाई गई हैं। मेला क्षेत्र में सतत निगरानी के लिए 174 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जिनसे मिलने वाली लाइव फीड पर आईट्रिपलसी के जरिए लगातार नजर रखी जाएगी।
अफसरों ने बताया कि मौनी अमावस्या पर किसी भी तरह के खतरे से निपटने के लिए फुलप्रूफ सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसी के तहत एटीएस को भी तैनात किया गया है। एटीएस कमांडो मेला क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे। उधर 14 एंटी सेबोटाज चेक व दो बम डिस्पोजल स्क्वॉड टीम भी मुस्तैद कर दी गई है।