प्रयागराज। कुंभ आयोजन की अगुवाई और शहर के विकास में मुख्य भूमिका निभाने वाले मंडलायुक्त डॉ.आशीष कुमार गोयल का केंद्रीय सेवा में तबादला हो गया है। उन्होंने केंद्रीय सेवा में जाने की खुद मांग की थी। केंद्र में वह ग्राम्य विकास में संयुक्त सचिव बनाए गए हैं। डॉ.गोयल यहां आने से पहले भी ग्राम्य विकास विभाग में सचिव रहे। उनके स्थानांतरण का आदेश आ चुका है। हालांकि नए मंडलायुक्त की नियुक्ति तक वह यहां बने रहेंगे।
डॉ.आशीष गोयल ने अप्रैल 2017 में मंडलायुक्त का कार्यभार ग्रहण किया था। इस तरह वह यहां करीब तीन वर्ष रहे और उनकी यह पारी कई मायनों में महत्वपूर्ण रही। भव्य और दिव्य कुंभ की पूरी दुनिया में धूम रही। इस महा आयोजन की अगुवाई डॉ.आशीष गोयल ने की। कुंभ के मद्देनजर ही मात्र 10 महीने में शहर में विकास के नए आयाम स्थापित हुए। इसमें छह फ्लाईओवर समेत कई महत्वपूर्ण कार्य हुए। इसका पूरा खाका मंडलायुक्त की अगुवाई में तैयार किया गया। हालांकि, कुंभ आयोजन में भ्रष्टाचार की शिकायत करते हुए डॉ.गोयल की भूमिका पर सवाल भी उठाया गया। कांग्रेस ने विधानसभा में यह मुद्दा उठाया था लेकिन मुख्यमंत्री ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए मंडलायुक्त की तारीफ की। माना जा रहा है कि केंद्र में भी उन्हें पर्याप्त अहमियत मिलेगी। मंडलायुक्त डॉ.आशीष गोयल ने इन तीन वर्षों को यादगार बताया। उनका कहना है कि कुंभ आयोजन में लोगों का सहयोग भी काफी सराहनीय रहा।
कभी तो मुस्कुराइए
मंडलायुक्त आशीष गोयल ने कुंभ के सफल आयोजन और शहर में बड़े बदलावों के लिए प्रशंसा जरूर बटोरी, लेकिन उनके सहकर्मियों को एक शिकवा रह ही गया। वे कहते हैं. साहब मुस्कुराते बहुत कम हैं और अगर मुस्कुराते भी हैं तो बेहद किफायत के साथ। खुलकर हंसने के मौके कब आए, किसी को याद नहीं।