उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सचिव रिजवानुर्रहमान ने पीसीएस-2015 प्रारंभिक परीक्षा का पेपर आउट की बात को सिरे से खारिज कर दिया है। उनका दावा है कि आयोग के पास ऐसी कोई शिकायत नहीं पहुंची है, न ही परीक्षा में किसी दूसरे तरह की गड़बड़ी की भी शिकायत है। ऐसे में किसी तरह की जांच या परीक्षा निरस्त करने का सवाल ही नहीं उठता।
सचिव का कहना है कि यह सिर्फ मीडिया की ओर से फैलाई गई अफवाह है। इस बारे में पुलिस के अफसरों ने भी कोई बात नहीं हुई है। यदि डीजीपी के पास कोई शिकायत है तो वह जांच करा सकते हैं। उनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। रविवार को कुल 20 जिलों के 917 केंद्रों पर परीक्षा हुई जिसमें 60 फीसदी अभ्यर्थियाें ने परीक्षा दी। इस बीच कहीं से भी गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं है।