Prayagraj News : युवक की हत्या के बाद प्लांट के गेट पर पहुंचकर धरना देते परिजन।
- फोटो : प्रयागराज
थाना क्षेत्र स्थित पॉवर प्लांट में स्क्रैप बीनने गए कौशल किशोर त्रिपाठी उर्फ पंडित (53) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को प्लांट की चहारदिवारी के दूसरी ओर फेंक दिया गया। वह दो दिन से लापता था। परिजनों की ओर से गुमुशुदगी दर्ज करने के बाद खोजबीन में जुटी पुलिस ने तीसरे दिन शव बरामद किया तो घटना का खुलासा हुआ। मामले में प्लांट के गार्ड समेत चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे देर रात तक पूछताछ होती रही।
बारा के नीबी गांव निवासी कौशल मंगलवार को घर से निकला और लापता हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चला तो बुधवार को बारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की तो पता चला कि वह स्क्रैप बीनने गया था। संदेह के आधार पर प्लांट के गार्ड समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। पहले तो वह अंजान बने रहे लेकिन सख्ती से पूछताछ में सच्चाई बयां कर दी।
बताया कि मंगलवार रात कुछ लोग प्लांट में घुसे थे। इस दौरान खदेड़ने पर अन्य तो भाग निकले लेकिन हवाई फायरिंग में एक व्यक्ति के पैर में गोली लग गई थी। पिटाई के दौरान उसकी मौत हो गई थी। फंसने के डर से उसका शव प्लांट की चहारदिवारी से दूसरी ओर फेंक दिया गया था। साथ ही उसका मोबाइल भी कूंच दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद कर लिया।
प्लांट के गार्ड समेत चार लोगों ने पूछताछ में हत्या की बात कबूली है। परिजनों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- सौरभ दीक्षित, एसपी यमुनापार
परिजनोें ने किया प्लांट का घेराव
उधर शव मिलने से पहले परिजनों ने प्लांट का घेराव किया। इस दौरान बड़ी संख्या में आसपास के लोग भी मौजूद रहे। जानकारी पर सीओ कई थानों की फोर्स लेकर पहुंचे और लोगों को हटाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। हंगामे की सूचना पर एसपी यमुनापार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया, तब जाकर मामला शांत हुआ। मृतक मूल रूप से चित्रकूट का रहने वाला है और उसकी पत्नी मानिकपुर में बच्चों संग रहती है। पुलिस ने बताया कि उसे सूचना दे दी गई है।