सोमवार को सुबह आठ बजे से ही गर्मी का कहर शुरू हो गया। घर में कूलर और पंखा के सामने बैठने पर भी राहत नहीं मिली। गर्मी से निजात दिलाने वाले खाद्य पदार्थों नींबू, शिकंजी, शर्बत, खीरा, ककड़ी, लीची, ठंडे पानी की मांग काफी बढ़ गई। भीषण गर्मी में गंगापार झूंसी की ओर से शहर आने वाले रास्ते पर शास्त्री पुल से लेकर अलोपीबाग तक जबर्दस्त जाम लगने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शहर में जगह-जगह यातायात व्यवस्था संचालित करने के लिए लगाए गए ट्रैफिक सिग्नल से भी लोगों को दिक्कतें हुईं। कहीं 90 तो कहीं 120 सेकंड का रेड लाइट सिग्नल होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों की शामत आ गई थी। चिलचिलाती धूप में खड़े होकर सिग्नल ग्रीन होने का इंतजार करना भारी पड़ रहा था। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल अभी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। शहर में लू चलने की संभावना मंगलवा को भी रहेगी। मौसम विभाग ने रात के समय भी गर्म हवा चलने की बात कही है। 31 मई को बारिश की संभावना जताई जा रही है।