सरायइनायत थाना क्षेत्र के कतवारूपुर गेट के सामने जीटी रोड पर स्कूटी और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दाैरान दूधिये की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
उतरांव थाना क्षेत्र के बसगिद गांव निवासी महादेव यादव (38) अपने भतीजे भूपेंद्र यादव के साथ बाइक से जा रहे थे। वे झूंसी की ओर दूध बेचने जा रहे थे। कतवारूपुर गांव की ओर से स्कूटी सवार महेंद्र सिंह (60) आ रहे थे। महेंद्र सिंह मिर्जापुर के जिगिना के रहने वाले हैं। उनकी स्कूटी बाइक से टकरा गई। हादसे में महादेव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक सवार भूपेंद्र और स्कूटी सवार महेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
महेंद्र सिंह कतवारूपुर गांव में अपनी रिश्तेदारी में आए थे। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक महादेव के परिजन भी घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।