यूपी बोर्ड की परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए वैसे तो तमाम स्कूल अपनी-अपनी तरह से तैयारियों में जुटे हैं लेकिन रानी रेवती देवी इंटर कॉलेज की तैयारियों ने वर्षों पुरानी गुरुकुल की याद दिला दी है। यूपी बोर्ड परीक्षा की मेरिट में विद्यार्थियों का बेहतर प्रदर्शन नजर आए इसके लिए रानी रेवती देवी इंटर कॉलेज में दिसंबर से ही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के चुनिंदा मेधावियों को स्कूल में ही विशेष शिक्षा दी जा रही है।
इसके तहत स्कूल में शिक्षकों के मार्गदर्शन और विशेष अनुशासन के साथ मेधावियों को शिक्षित किया जा रहा है। स्कूल में ही उनके रहने, खाने की व्यवस्था की गई है। सुबह पांच बजे से दिनचर्या की शुरुआत होती है। उनके पढ़ने का अलग से टाइम टेबिल भी तैयार किया गया है। शिक्षक तो विद्यार्थियों को अतिरिक्त कक्षाएं लेकर पढ़ाते ही हैं, ग्रुप स्टडी भी उनकी पढ़ाई में सहायक है जिसमें विद्यार्थी एक-दूसरे की समस्याओं का समाधान करते हैं। भौतिक विज्ञान शिक्षक संजय कुमार मिश्र कहते हैं, हाईस्कूल और इंटर के कई मेधावियों का चयन करके उन्हें अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यक्ष से तैयार किया जा रहा है। इस व्यवस्था का उद्देश्य यही है कि मेधावी समझ सकें कि सफलता के लिए कठिन परिश्रम और सच्ची लगन जरूरी है।