सतीश कुमार। रेलवे सलाहकार बोर्ड के सदस्य
उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सतीश कुमार को सदस्य रेलवे बोर्ड बनाया गया है। एक दो दिन में रेलवे बोर्ड में अपना पदभार संभाल लेंगे। रेलवे बोर्ड में उन्हें सदस्य ट्रैक्शन एवं रोलिंग स्टॉक का दायित्व मिला है।
प्रयागराज में महाप्रबंधक का कार्यभार सतीश कुमार ने आठ नवंबर 2022 को ग्रहण किया था। वह डीआरएम लखनऊ भी रह चुके हैं। एनसीआर में जीएम बनने के पूर्व वह उत्तर पश्चिम रेलवे जयपुर में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक और मुख्य सतर्कता अधिकारी के रूप में भी काम कर चुके हैं। पिछले कई दिनों से एनसीआर मुख्यालय में इस बात की चर्चा चल रही थी कि सतीश कुमार को सदस्य रेलवे बोर्ड बनाया जा सकता है। फिलहाल शुक्रवार को मंत्रिमंडलीय नियुक्ति समिति का सचिवालय की ओर से जारी किए गए पत्र में सतीश कुमार के साथ सीमा कुमार और नवीन गुलाटी को भी सदस्य रेलवे बोर्ड बनाया गया है।
सतीश कुमार, एमएनआईटी जयपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.टेक हैं। उन्होंने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय ओपेन विश्वविद्यालय से ऑपरेशन मैनेजमेंट और पीजीसीसीएल (साइबर लॉ) में पीजी डिप्लोमा हासिल किया है। वह भारतीय रेल यांत्रिक इंजीनियरिंग सेवा के 1986 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने अपनी रेल सेवा वर्ष 1988 में शुरू की। फॉग सेफ डिवाइस में सुधार लाने में भी इनका विशेष योगदान है।