फोटो कैप्शन: बरहा कला गांव में खिलाड़ियों को हौसला बढ़ाते मेजा विधायक संदीप पटेल।
मांडा के बरहाकलां गांव के बहेलियापुर स्थित वॉलीबॉल मैदान पर आयोजित एक दिवसीय ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता संपन्न हुई। कुल आठ टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबले में मेजबान सरदार पटेल वॉलीबॉल क्लब बरहाकलां ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अरई आदर्श क्लब मेजा को सीधे सेटों में 25–18 और 25–16 से हराकर विजयी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
निर्णायक मंडल में मुकेश शुक्ला, अशफाक अहमद और रवि वर्मा ने जिम्मेदारी निभाई। मैच के बाद अजय शुक्ला ने विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर उत्साहित किया। उद्घाटन मेजा विधायक संदीप पटेल ने किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। अवसर और संसाधन मिलने पर खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।
मेजबान क्लब के संरक्षक रामदली पटेल ने अपनी पांच बिश्वा पैतृक भूमि वॉलीबॉल मैदान के विस्तार के लिए देने की बात कही। कार्यक्रम में जिला वॉलीबॉल संघ के महासचिव आरपी शुक्ला, कोषाध्यक्ष केबीएल श्रीवास्तव, आयोजन सचिव योगेंद्र पटेल के अलावा राकेश कुमार, सुभाष चंद्र यादव, जितेंद्र पटेल, दयाशंकर मिश्र, चंदू पटेल, संजय पटेल और राजेंद्र पटेल आदि रहे। संवाद