सीएए पर भ्रम फैलाने वाली ताकतों से संतों ने किया सचेत
प्रयागराज। नागरिकता संशोधन कानून पर समाज में भ्रम फैलाने और विरोध-प्रदर्शन करने पर शुक्रवार को अखिल भारतीय दंडी संन्यासी परिषद ने चिंता जताई। परिषद की अरैल में हुई बैठक में साधु-संतों ने कहा कि सीएए के खिलाफ लोगों को उकसाने वाली ताकतों को चिह्नित कर कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके आलावा कोरोना वायरस से बचाव के लिए समाज में जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।इस दौरान होली मिलन में संतों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाया।
परिषद के अध्यक्ष स्वामी ब्रह्माश्रम महाराज ने कहा कि कोरोना वायरस के भय को निकालने की दिशा में प्रयास किया जाना चाहिए। उन्होंने परिषद के पदाधिकारियों से अपील की कि वह अपने-अपने क्षेत्रों में इस वायरस के प्रति लोगों को सचेत करें। इसके अलावा सीएए पर भावनाएं भड़काने वाली ताकतों से सावधान रहने की भी उन्होंने सलाह दी।
इस मौके पर परिषद के महामंत्री स्वामी शंकरआश्रम, देवेंद्रानंद सरस्वती, प्रणवानंद तीर्थ, रामाश्रय शास्त्री, नर्वदेश्वर आश्रम, कमलेश आश्रम, हरिहर आश्रम, अच्युतानंद आश्रम, अशोक स्वरूप, अखिलेश्वराश्रम समेत तमाम साधु-संत उपस्थित थे। इससे पहले संतों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर प्रेम-सौहार्द का संदेश भी दिया। अध्यक्षता स्वामी महेशाश्रम ने की।