जिले में लॉकडाउन की वजह से जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक राशन सामग्री पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सिविल लाइंस स्थित ज्वाला देवी इंटर कालेज परिसर को आपदा राहत केंद्र बनाया है। इसी केंद्र से जिले के तमाम इलाकों एवं पड़ोसी जिले कौशांबी के लिए भी हर रोज राशन सामग्री ट्रक के माध्यम से भेजी जा रही है।
संघ के सेवा भारती की ओर से नियमित रूप से शहर के साथ ही ग्रामीण अंचलों में भी राहत सामग्री बांटी जा रही है। बुधवार को ही संघ की ओर से कोरांव क्षेत्र में 600 पैकेट राहत सामग्री बांटी गई। ज्वाला देवी में सह प्रांत संचालक मनीष एवं विभाग प्रचारक कृष्ण चंद्र ने बुधवार को ट्रक में लदवा कर राशन सामग्री भेजे जाने का काम किया। करछना, बारा, नैनी, कोरांव, शंकरगढ़, झूंसी, फूलपुर, नवाबगंज, हंडिया, हनुमानगंज के अलावा कौशांबी के मंझनपुर, सरायअकिल, सिराथू आदि स्थानों पर अब तक सेवा भारती द्वारा दस हजार परिवारों को राशन सामग्री पहुंचाई जा चुकी है। विभाग प्रचारक कृष्ण चंद्र और सेवा भारती के अध्यक्ष सुजीत सिंह ने बताया कि अब तक 500 क्विंटल आटा, 400 क्विंटल चावल, 100 क्विंटल दाल, 50 क्विंटल तेल, गरीब परिवार तक पहुंचाया जा चुका है। 26 मार्च से ही यह कार्य जारी है। इस कार्य में संघ के आलोक मालवीय, डा. राम मनोहर, शिव कुमार पॉल, अशोक मेहता, महेश चंद्र चतुर्वेदी, सौरभ श्रीवास्तव, युगल किशोर मिश्र अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।