प्रयागराज में अगले वर्ष लगने वाले महाकुंभ मेले के दौरान सभी स्नान पर्व पर प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन यात्रियों के लिए बंद रहेगा। स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन के चलते स्नान पर्व पर इसे बंद किए जाने पर सहमति बन गई है। इस दौरान यहां से चलने वाली ट्रेनों का तो संचालन होता रहेगा, लेकिन यहां किसी भी यात्री को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इतना जरूर है कि यहां अगर यात्री बाहर से आने वाली ट्रेनों से उतर रहे हैं तो उन्हें बाहर जरूर जाने दिया जाएगा ।
इस बार महाकुंभ मेले में वर्ष 2019 की तुलना में तकरीबन दोगुनी भीड़ आने का अनुमान है। इसलिए रेलवे व जिला प्रशासन का भीड़ प्रबंधन पर जोर है। प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन की बात करें तो वह दारागंज में होने की वजह से महाकुंभ मेला क्षेत्र के सबसे निकट है। जाने-अनजाने में स्नान के बाद अधिकांश यात्री इसे ही संगमनगरी का मुख्य स्टेशन मानकर ट्रेन पकड़ने के लिए पहुंच सकते हैं। ऐसे में यहां ज्यादा भीड़ आने का अनुमान है। आसपास घनी आबादी होने की वजह से यहां सरकुलेटिंग एरिया भी छोटा है। जहां सीमित संख्या में ही यात्रियों को रोका जा सकता है।
इस वजह से तैयारी की जा रही है कि मेला के स्नान पर्व के दौरान संगम एवं गंगा के अन्य घाटों पर स्नान करने वालों का वापसी मार्ग दारागंज की जगह परेड की काली सड़क या लाल सड़क से हो। ऐसा होने से प्रयागराज संगम स्टेशन पर भीड़ नहीं जुटेगी। इसके अलावा मेला क्षेत्र के साथ शहर के अन्य स्टेशनों पर भी अनाउंसमेंट करवाया जाता रहेगा कि लखनऊ, अयोध्या रूट की ट्रेनों में जिन्हें सफर करना है वह प्रयाग जंक्शन पहुंचें। स्नान पर्व के दिन प्रयागराज संगम से ट्रेनें तो चलेंगी, लेकिन उसमें यात्रियों को बैठने की अनुमति प्रयाग जंक्शन से ही मिलेगी।
रेलवे की तैयारी है कि महाकुंभ के सभी स्नान पर्व पर प्रयागराज संगम स्टेशन पर यात्रियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा, ऐसे में लखनऊ अयोध्या आदि रूट की ट्रेनों पर सफर करने वाले को प्रयाग जंक्शन जाकर ट्रेन पकड़नी होगी। भीड़ प्रबंधन की वजह से यह निर्णय लिया गया है।
- शिवेंद्र शुक्ला, एडीआरएम , लखनऊ मंडल