एक बार फिर संगमनगरी सिनेपर्दे पर दिखेगी। राजकुमार राव और प्रीति खरबंदा अभिनीत फिल्म ‘शादी में जरूर आना’ की तकरीबन चालीस प्रतिशत शूटिंग इलाहाबाद में ही होगी। अपनी टीम के साथ रविवार को इलाहाबाद पहुंचे फिल्म निर्माता विनोद बच्चन और निदेशक रत्ना सिन्हा ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय, संगम, सिविल लाइंस, आनंद भवन, कंपनी बाग समेत कई लोकेशंस देखे। शूटिंग मार्च में शुरू होगी।
‘तनु वेड्स मनु’ फेम निर्माता विनोद बच्चन ने ‘अमर उजाला’ से बातचीत में फिल्म के मुताबिक इलाहाबाद की लोकेशंस को सबसे मुफीद बताया। कहा, इस फिल्म में इलाहाबाद को इतनी खूबसूरती से दिखाया जाएगा, जितना आजतक किसी ने नहीं दिखाया। शहर वास्तव में बहुत खूबसूरत है।
कहानी के मुताबिक इलाहाबाद परफेक्ट है। सीरियल्स के बाद पहली बार फिल्म निर्देशित कर रहीं रत्ना ने कहा, फिल्म मध्यम वर्ग पर आधारित हैं। इसमें कॉलेज लाइफ से लेकर शादी तक की कहानी को शामिल किया गया है। ‘साहब, बीबी और गैंगस्टर’ फिल्म फेम लेखक कमल पांडे ने बताया कि इलाहाबाद, फिल्म की कहानी का अहम हिस्सा है। ऐसे मे्ं कॉलेज लाइफ दिखाने के लिए इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बेहतर कुछ हो ही नहीं सकता। उप्र फिल्म विकास परिषद के उपाध्यक्ष गौरव ने बताया कि शहर में फिल्म की शूटिंग होने से शहर की प्रतिभाओं को भी मौका मिलेगा।