घटना की जानकारी होने पर परिजनों और आसपास के लोग जुट गए। घूरपुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम भी पहुंची। टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा तो परिजन आक्रोशित हो गए। उन्होंने भीटा के चंदन भारतीया पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों ने आरोपी और उसके साथियों की गिरफ्तारी और घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की। तनाव को देखते हुए कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसीपी कौंधियारा अब्दुस सलाम खान ने परिजनों को आश्वासन दिया कि उनकी हर मांगें पूरी होंगी। इसके बाद भी परिजन नहीं माने। सहायक पुलिस आयुक्त विजय आनंद और नायब तहसीलदार बारा विजय कुमार के लिखित आश्वासन के बाद परिजनों ने सुबह करीब साढ़े 10 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दो साल पहले खरीदा ट्रक और जेसीबी
राजेश बालू-गिट्टी का कारोबार करते थे। काम अच्छा चलने लगा तो दो वर्ष पहले ट्रक और जेसीबी खरीदी। लोगों का कहना है कि राजेश बहुत मिलनसार थे। वह तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनका एक बेटा और एक बेटी है। राजेश की हत्या से पत्नी पार्वती समेत परिवार के सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिता अगमलाल ने गांव के ही चंदन भारतीय पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनके के अनुसार, आरोपी लंबे समय से बेटे को जान से मारने की धमकी दे रहा था। पुलिस ने आरोपी के घर दबिश दी लेकिन वह नहीं मिला। उसके परिवार के कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। फोटो
24 घंटे के भीतर बालू कारोबारी की हत्या करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - विवेक चंद्र यादव, डीसीपी यमुनानगर