क्षेत्र के पीडीए कालोनी स्थित पाठक मार्केट में हनुमान मंदिर के समीप स्थित एक हुक्का बार में शुक्रवार देर शाम को एक बालू कारोबारी को गोली मार दी। घटना के बाद भाग रहे हमलावर का कुछ लोगों ने पीछा किया तो वह हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकला। घायल बालू कारोबारी को एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। भागते समय कातिल बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। घटनास्थल पर इलाकाई पुलिस के अलावा सीओ व एसपी यमुनापार मय दल बल के साथ पहुंचे और देर रात तक छानबीन करते रहे।
औद्योगिक क्षेत्र स्थित चाड़ी गांव निवासी सुरेश नंदन दुबे खेती किसानी के साथ-साथ दूध की डेयरी भी चलाते हैं। उनका इकलौता बेटा राहुल दुबे (35) बालू एवं मिट्टी सप्लाई का काम करता था। वह नैनी के एडीए कालोनी पाठक मार्केट में हनुमान मंदिर के समीप स्थित बाबा हुक्काबार में प्रतिदिन आकर बैठता था और वहीं से अपने धंधे की डीलिंग करता था।
रोज की तरह शुक्रवार शाम को भी वह पहले तल पर स्थित बाबा हुक्का बार में जाकर बैठा था। शाम को करीब 7.25 बजे एक युवक हुक्का बार में पहुंचा तो अंदर राहुल के अलावा तीन अन्य लोग बैठे थे। युवक ने पहले हुक्का बनाने को कहा। इसी बीच उसने पर्दे के पीछे बैठे राहुल की कनपटी पर दाहिने तरफ पिस्टल सटाकर गोली मार दी और भाग निकला।
अंदर मौजूद युवकों ने पीछा किया तो नीचे उतरने के बाद हत्यारा हवाई फायरिंग करते हुए पैदल ही भाग गया। बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में शूटर कैद हुआ है। गोली चलने से पूरे मोहल्ले में हडक़ंप मच गया। पता चलने पर पुलिस पहुंची और घायल राहुल को लाद फांदकर एसआरएन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पता चलने पर परिवार के लोग बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे और वहां से एसआरएन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। घरवालों की तरफ से अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है।