सैदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाबू के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद सोमवार को स्वास्थ्य केंद्र के 35 कर्मचारियों की कोरोना की जांच के लिए नमूना मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। इसके अलावा नैनी जेल के 10 कैदियों के साथ जिले भर में आए 35 प्रवासी लोगों को कालिंदीपुरम में क्वारंटीन कराकर नमूने लिए गए हैं, जबकि 52 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिले भर में आए अब तक 37237 प्रवासी लोगों का विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है। हॉटस्पॉट वाले इलाकों में सैनिटाइजेशन भी कराया गया।
सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेई के मुताबिक जिले में सोमवार को कुसुमीपुर में 50, कसेरूआ में 70, प्रतापपुर के बीरापुर में 123, तिलई बाजार में 224 घरों को सैनिटाइज कराया गया। उन्होंने बताया कि बाबू के पॉजिटिव आने के बाद उसके संपर्क में आने वाले चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मियों के सोमवार को 35 नमूने लिए गए हैं।
कोरोना के नोडल इंचार्ज डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि नैनी जेल के 10 कैदियों के नमूने भी लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। संक्त्रस्मण नियंत्रण करने के लिए सोमवार को डीएम कैंप कार्यालय, संगम सभागार, कोविड-19 कंट्रोल रूम, एडीएम नगर, प्रशासन, वित्त एवं राजस्व, सीएमओ कार्यालय, उच्च न्यायालय परिसर विकास भवन आदि भवनों और परिसरों का सैनिटाइजेशन कराया गया।