बारा एसडीएम को ज्ञापन देते समाजवादी कार्यकर्ता
- फोटो : Samvad
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एमएलसी मान सिंह यादव के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय बारा में प्रदर्शन किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम बारा को सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस की बढ़ी कीमतों को वापिस लेने और चौबीस घंटे में गैस सिलिंडर की आपूर्ति करने की मांग की गई। पेपर लीक में संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, बिजली आपूर्ति एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, फर्जी एनकाउंटर एवं पीडीए समाज के खिलाफ दर्ज फर्जी प्राथमिकी वापिस लेने, बारा विधान सभा में हो रहे भ्रष्टाचार को रोकने, समाजवादियों पर दर्ज फर्जी प्राथमिकी वापस लेने, आंधी-तूफान में मृतकों को मुवावजा देने और घायलों का इलाज कराने, पीपीजीसीएल बारा में स्थानीय लोगों को नौकरी देने आदि की मांग की गई है।
एसडीएम बारा डाॅ़ गणेश कनौजिया ने समुचित माध्यम से ज्ञापन को अग्रसारित करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष पप्पू लाल निषाद, अजय भारती, राजू पासी, जिला पंचायत सदस्य बृजेश यादव, मो़ सलीम आदि मौजूद रहे।