नैनी थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबेडकर नगर मोहल्ले में शराब की दुकान पर सोमवार को दुकान बंद होने के बाद शराब लेने पहुंचे बाइक सवार युवकों ने सेल्समेन के साथ को चाकू मार दी। सेल्समेन की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए एक को गिरफ्तार कर लिया है।
मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिला के घोरा गांव निवासी जितेंद्र यादव अंबेडकर नगर स्थित शराब की दुकान का सेल्समैन है। उसने बताया कि सोमवार को दस बजने पर उन्होंने दुकान बंद की और साथी मुनेश कुमार मिश्रा के साथ कमरे पर जा रहा था। इस दौरान बाइक सवार तीन युवक पहुंचे। उन्होंने दुकान खोलकर शराब देने की मांग की। मना करने पर बाइक सवार युवक के साथ गालीगलौज करते हुए वहां से चले गए।
दस मिनट बाद जब जितेंद्र और उसका साथी अपनी बाइक से कमरे पर जाने को हुए तो बाइक सवार युवक कई साथियों के साथ फिर लौट कर आए और मारपीट करने लगे। उनमें से एक ने मुनेश मिश्रा पर चाकू से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। लोगों को जुटता देख वह सभी वहां से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। मामले में शिवम ठाकुर, राज ठाकुर, विक्रम ठाकुर और अतुल तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नैनी पुलिस ने राज ठाकुर को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया। संवाद