एसआईआर के तहत मतदाता सूची के सत्यापन के कार्य में शिथिलता पाए जाने पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी हीरालाल सैनी ने सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने कार्य में लगाए गए दो सुपरवाइजर और आठ बीएलओ के वेतन व मानदेय के भुगतान पर रोक लगा दी है।
बताया जाता है कि अधिकारियों के भ्रमण के दौरान फाफामऊ विधानसभा क्षेत्र की बूथ संख्या 221 से 230 एवं बूथ संख्या 29 से 39 के पर्यवेक्षण में लगाए गए कर्मियों द्वारा खराब प्रगति और भ्रामक सूचना दिए जाने तथा बिना सूचना के अनुपस्थित रहने का मामला आया। इसके बाद दो सुपरवाइजरों व बीएलओ के वेतन एवं मानदेय रोकने के आदेश दिए गए हैं।
एसआईआर कार्य में प्रगति लाए जाने के लिए ईआरओ द्वारा 29, 30 नवंबर और एक दिसंबर को बीएलओ, सुपरवाइजर एवं समस्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को सुबह साढ़े सात बजे से फील्ड में पहुंचकर अधिकतम प्रपत्र एकत्रित कर फीडिंग केंद्रों शृंग्वेरपुर, नवाबगंज बीआरसी, लालगोपालगंज आदि पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।