प्रधानमंत्री के शहर आगमन से ठीक एक दिन पहले हुई वारदात ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खोल दी। बालसन चौराहे के पास स्थित सागररत्ना रेस्टोरेंट में ताबड़तोड़ बमबाजी कर बदमाशों ने सनसनी सनसनी फैला दी। घटना में तीन लोग घायल हुए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर रात तक बदमाशों का सुराग नहीं मिला था। कारोबारी आनंद केसरवानी(47) करछना के रहने वाले हैं। वह दवा का व्यवसाय करते हैं।
शनिवार रात वह पत्नी पिंकी केसरवानी(38), बेटी अनुष्का(18) व भतीजे सृजन केसरवानी(20) पुत्र रंजीत केसरवानी निवासी मुट्ठीगंज के साथ सागररत्ना रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। रात 10 बजे के करीब सभी रेस्टोरेंट के निचले तल पर ही खाना खा रहे थे। तभी अचानक बाहर की ओर से एक बम कांच के बने दरवाजे पर लगा और जोरदार धमाके के साथ ही दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले ही एक के बाद एक चार और धमाके हुए।
लगातार धमाके से रेस्टोरेंट के भीतर बैठे लोगों में भगदड़ मच गई। उनमें चीख पुकार मच गई। उधर धमाके के साथ ही चारों तरफ कांच के टुकड़े भी बिखर गए। घटना में पिंकी व सृजन गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि आनंद व अनुष्का को मामूली चोटें आईं। पिंकी के दाहिने हाथ जबकि सृजन की बायीं आंख में चोट आई है। सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। जार्जटाउन समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। एसएसपी अतुल शर्मा समेत कई अफसर भी पहुंचे। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई लेकिन कोई कुछ बता नहीं सका। घायलोें के साथ ही रेस्टोरेंट मालिक भी किसी तरह के विवाद की बात नहीं बता पा रहा है। पुलिस देर रात तक जांच पड़ताल मेें जुटी रही।