जब तक बंद नहीं कराया जाएगा, तब तक खेली जाएगी होली, 50 स्पीकरों पर बजेगा नाकाबंदी का गीत
लोकनाथ की होली को संगीतमय बनाने के लिए 40-50 स्पीकर लगेंगे। खासतौर से नाकाबंदी का गीत फिर बजेगा और लोग रगों में भीग भीग कर नाचेंगे। दर्जनों फुहारे बांधे जाएंगे। पांच कुंतल से अधिक गुलाब की पंखुडिय़ां, 15 कुंतल अबीर -गुलाल और तीन कुंतल कागज की कतरने मशीनों से उड़ाई जाएंगी। यह होली सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक तब तक होगी, जबतक इसे बंद नहीं करा दिया जाएगा।
ठठेरी बाजार में जल संस्थान के टैंकर से उड़ेला जाएगा रंग, छूटेगी पीतल की पिचकारियां
ठठेरी बाजार में जल संस्थान के टैंकर से रंग उड़ेला जाएगा। यहां भी कोतवाली के सामने बरिकेडिंग की जाएगी, ताकि लोग खुलकर होली खेल सकें। ठठेरी बाजार नवयुवक संघ पखवारे भर से तैयारियों में जुटा है। रोहित कसेरा अपनी पूरी टीम के साथ ठठेरी बाजार की होली को हर किसी के लिए ठसक के साथ पेश करने की तैयारी में जुटे हैं।
सरकारी टैंकर से रंग की सप्लाई होगी। बोरियों का रंग और स्टोर किया पानी भी फेंका जाएगा। पांच-पांच फीट लंबी पुरनियों की पीतल की पिचकारियों की मरम्मत कराई जा रही है। प्रेशर भी खूब होगा इन पिचकारियों में। ये पुरानी पिचकारी 50-60 फीट दूर तक रंग उड़ेलने में सक्षम होगी। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाली ठटेरी बाजार की होली के रंग तबतक बरसते रहेंगे, जबतक पुलिस बंद कराने न आ जाए।