बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय की विद्या परिषद की बैठक शुक्रवार को हुई। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप कई नए शैक्षणिक प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। इनमें व्यावसायिक, तकनीकी और एआई आधारित पाठ्यक्रम शामिल हैं। वहीं, जिन पाठ्यक्रमों में छात्र संख्या कम है, उन्हें बंद करने पर भी चर्चा हुई।
इस मामले में रिपोर्ट देने की जिम्मेदारी डीन एकेडमिक्स एसके पांडे को मिली है। परिषद ने स्नातक स्तर पर बैंकिंग, रिटेल, हेल्थ केयर और पर्यटन प्रबंधन जैसे कई नवीन व्यावसायिक पाठ्यक्रम स्वीकृत किए। सत्र 2026-27 से बीबीए, बीबीए ऑनर्स और बीबीए ऑनर्स विद रिसर्च कार्यक्रम भी शुरू होंगे।
कुलपति केपी सिंह ने बताया कि पाठ्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप हैं और रोजगार के नए अवसर प्रदान करेंगे। विश्वविद्यालय के सीएसआईटी विभाग ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर आधारित तीन नवीन पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। कुलपति ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को एआई पाठ्यक्रम शुरू करने की सलाह दी है।
प्राचीन इतिहास एवं संस्कृति विभाग के पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन आर्कियोलॉजी एवं आर्काइवल स्टडीज एंड म्यूजियोलॉजी के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली। सामाजिक विज्ञान संकाय को 'मास्टर ऑफ सोशल वर्क' उपाधि प्रदान करने का अनुमोदन मिला है। बैठक में डीन एकेडमिक्स एसके पांडे, कुलसचिव महेंद्र कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ शिक्षक उपस्थित रहे।