पूर्व सांसद अतीक अहमद समेत अन्य पर केस दर्ज कराने वाले करेली निवासी युवक को फोन पर धमकाने के मामले की जांच शुरू हो गई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि फोन करने वाले ने युवक को पूर्व सांसद के गुर्गे तोता के नाम से रुपये मांगे। साथ ही बात न मानने पर ‘गलत’ होने की धमकी दी।
बेनीगंज निवासी कमलेश कुमार पुत्र हनुमान प्रसाद ने खुद को फोन कर धमकाने का आरोप लगाकर करेली थाने में अज्ञात मोबाइल नंबर धारक पर मुकदमा दर्ज कराया है। उसका आरोप है कि 30 जनवरी व छह फरवरी को फोन कर उससे रुपये मांगे गए। साथ ही न देने पर अंजाम बुरा होने की धमकी दी गई। मुकदमा दर्ज होने के साथ ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सूत्रों की मानें तो प्रारंभिक जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है कि युवक को पूर्व सांसद अतीक के गुर्गे तोता के नाम से धमकी दी गई। फोन करने वाले ने खुद को तोता बताते हुए युवक से रुपये पहुंचाने की बात कही। ऐसा न करने पर ‘गलत’ होने की धमकी दी। यह भी कहा कि वह इस वक्त आगरा जेल में है और बहुत जल्द ही जमानत पर जेल से छूटने वाला है। करेली पुलिस का कहना है कि जिस नंबर से युवक के पास कॉल आई, उसकी कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। इसके बाद ही पता चल सकेगा कि फोन करने वाला कौन था। इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है।
बेनीगंज निवासी जिस कमलेश को फोन से धमकी दी गई, उसने दो साल पहले पूर्व सांसद अतीक अहमद समेत पांच लोगों पर धूमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। उसका आरोप था कि अतीक की शह पर उसकी कसारी मसारी स्थित जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया। मामले में अतीके के गुर्गे तोता के बहनोई नौशाद खां निवासी मलावा भी नामजद था। आरोप यह भी था कि दो साल पहले अगवा कर उससे राइफल दिखाकर सादे स्टाम्प पेपर पर दस्तखत करा लिया गया था। इसी से फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए।