इन दिनों गांवों में ड्रोन व चोरी की अफवाह चरम पर है। लोग रतजगा कर रहे हैं। साथ ही चोर समझ कर कई निर्दोष लोग पिट भी चुके हैं। जलालपुर चांधन उर्फ पीथीपुर, लखनपुर करन, टिकरी पेट्रोल पंप के पास तथा बृहस्पतिवार की रात कंजिया गांव में चोर आने की अफवाह उड़ी। लोग इकट्ठे हो गए। लखनपुर में एक शख्स को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में वह पड़ोसी गांव का निकला। इसी तरह टिकरी पेट्रोल पंप के पास तथा कंजिया में चोर समझ कर दो विक्षिप्त की पिटाई कर दी गई। अफवाह के बीच कुछ शरारती तत्व इस तरह की हरकत कर रहे हैं।
सोरांव इलाके के कई गांवों में तो लोग इकट्ठे हो रतजगा कर रहे हैं। लाठी और टॉर्च लेकर घरों की रखवाली कर रहे हैं। दो दिन पहले भोर में एक व्यक्ति कार से परिवार सहित शांतिपुरम स्थित अस्पताल में भर्ती अपने किसी करीबी को देखने जा रहा था। वह सोरांव के राजापुर मल्हुआ गांव के पास पहुंच ही था। तभी ग्रामीणों ने चोर समझ कर उसके साथ हाथापाई करते हुए कार का शीशा तोड़ डाला।
अफवाह पर ध्यान न दें, किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल नजदीकी पुलिस को सूचित करें। अनावश्यक रूप से अनजान अथवा किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट करने पर वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। शक होने पर अनजान व्यक्ति को बैठा लें। जानकारी पुलिस को दें।
श्यामजीत प्रमिला सिंह, एसीपी सोरांव