कौड़िहार के कुरेसर घाट पर आस्था की डुबकी लगाने आए एक परिवार के तीन सदस्यों को डूबता देख आरएसएस के एक पदाधिकारी ने अपनी जान की बाजी लगा दी। दो लोगों को तो बचा लिया गया, लेकिन एक महिला व उसे बचाने वाला गंगा में समा गया।
नवाबगंज के जगदीशपुर चांधन गांव निवासी एवं कौड़िहार में आरएसएस के शारीरिक प्रमुख सुरेश कुमार केसरवानी (39) सोमवार सुबह प्रतिदिन की तरह कुरेसर घाट पर स्नान कर रहे थे।
पास में घाटमपुर गांव का एक परिवार भी स्नान के लिए आया था। सुबह करीब आठ बजे राम सिंह यादव (54) गंगा में डूबने लगे। बड़े भाई को डूबता देख छोटे भाई नितेश (35) उर्फ राजू ने नदी में छलांग लगा दी, पर वह भी लहरों में फंस गए।
पति और जेठ को मौत के मुंह में जाता देख नितेश की पत्नी अनीता (32) भी गंगा में कूद पड़ीं और वह भी गहरे पानी में जाने लगीं। एक ही परिवार के तीन लोगों को डूबता देख घाट पर चीख-पुकार मच गई। यह मंजर देख सुरेश केसरवानी गंगा की तेज धारा में छलांग लगा दी।
उनका साहस देख घाट पर मौजूद कुछ अन्य लोग भी मदद के लिए कूद पड़े। कड़ी मशक्कत के बाद राम सिंह व नितेश को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अनीता एवं उन्हें बचाने गए सुरेश गंगा में समा गए। घटना की जानकारी मिलते ही नवाबगंज थाना प्रभारी पंकज अवस्थी घाट पर पहुंचे।
इसके बाद डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार व एसीपी सोरांव श्यामजीत प्रमिला सिंह भी देर रात तक डटे रहे। जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम दोनों की तलाश में जुटी रही। समाचार लिखे जाने तक दोनों का पता नहीं चला।
आंखों के सामने उजड़ा संसार, अजनबी बना फरिश्ता
घाटमपुर के नितेश (राजू) की आंखों के सामने ही उनका पूरा पूरा उजड़ गया। जिस पत्नी अनीता ने अपने सुहाग और परिवार की जान बचाने के लिए उफनती गंगा से खौफ नहीं खाया, वह लहरों में आंखों के सामने ही ओझल हो गई।
वहीं, जगदीशपुर चांधन के सुरेश केसरवानी ने यह साबित कर दिया कि परोपकार से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। वह उस परिवार के लिए बिल्कुल अंजान थे। उनकी इस बहादुरी ने दो भाइयों को नया जीवन तो दे दिया, लेकिन बदले में फरिश्ता गंगा में समा गया। सुरेश का यह निस्वार्थ समर्पण इन्सानियत की ऐसी नजीर बन गया है, जिसे लोग लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे।
स्नान करने के दौरान महिला सहित दो लोगों के डूबने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंचकर देर शाम तक सर्च अभियान चलाया गया है, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। मंगलवार सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। -सोनम कुमार, डीसीपी गंगापार
फोटो नवाबगंज 02 अनीता यादव।
फोटो नवाबगंज 02 अनीता यादव।
फोटो नवाबगंज 02 अनीता यादव।