प्रतियोगी छात्र को पुलिस में नौकरी दिलवाने के नाम पर 70,000 हजार रुपये हड़प लिए गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मऊआइमा थाना क्षेत्र के ग्राम छाता निवासी श्याम लाल बिंद का कहना है कि उसका पुत्र राम मूरत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। आरोप है कि 2023 में उसके पुत्र को ग्राम देवगलपुर निवासी अनिल कुमार यादव और उसके परिजनों ने पुलिस में नौकरी दिलाने के नाम पर 70,000 रुपये ले लिए।
काफी दिन तक ज्वाइन लेटर नहीं आया तो उन्हें धोखाधड़ी का शक हुआ। रुपये मांगने पर आरोपी आजकल कहने लगा। आरोप है कि 6 अगस्त 2025 को मऊआइमा थाने में तहरीर देने के बाद समझौता हुआ था कि पैसा वापस कर देंगे। आज तक रुपये नहीं दिया गया। श्याम लाल ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस आयुक्त से की। पुलिस आयुक्त के आदेश पर पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार यादव और उसके परिजनों के नाम प्राथमिकी दर्ज की।
युवक को विदेश भेजने के नाम पर 65000 रुपये की ठगी
सोरांव। विदेश भेजने के नाम पर एक युवक से 65000 रुपये की ठगी कर ली गई। भुक्तभोगी ने सोरांव थाने में तहरीर दी है। प्रतापगढ़ के कौलापुर गौरा गांव निवासी विकास कुमार सोरांव के सेवाइत गांव में रिश्तेदारी में आया था। इस दौरान विकास के रिश्तेदार ने बताया कि उसका एक दोस्त विदेश में नौकरी लगवाने का काम करता है। विकास कुमार की मुलाकात सरायदीना गांव के रहने वाले एक युवक से कराई। आरोपी युवक ने विकास को विदेश भेजने के लिए करीब 65 हजार खाते में डलवाए।
विकास कई दिनों तक आरोपी को फोन किया तो उसने पहले दिल्ली बाद में गुजरात से फ्लाइट मिलने की बात कही। जब विकास कुमार ने अपने रुपये मांगे तो उसने फोन काट दिया। भुक्तभोगी विकास कुमार ने परेशान होकर सोरांव थाने में तहरीर दी। सोरांव प्रभारी निरीक्षक केशव वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद