रेलवे की ऑन लाइन भर्ती परीक्षा के पेपर लीक प्रकरण मामले में रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने अहम निर्णय लिया है। आरआरबी प्रशासन ने स्पष्ट किया कि 22 अप्रैल को ऑनलाइन पेपर लीक मामले में परीक्षा निरस्त नहीं की जाएगी। ऐसा इसलिए क्योंकि अब तक हुई जांच में यह तय हो गया है कि संबंधित तिथि में पेपर वायरल नहीं हुआ था। आरआरबी प्रशासन ने यह भी कहा कि अब आगे भविष्य में इस तरह का प्रकरण दुबारा न हो उसके लिए अब व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। वहीं दूसरी ओर आरआरबी प्रशासन की ओर से डिबार किए गए छह केंद्रों में 26 से 30 अप्रैल के बीच होने वाली परीक्षा अब दो एवं तीन मई को नौ नए केंद्रों में होगी।
बता दें कि 22 अप्रैल को आरआरबी इलाहाबाद द्वारा ली गई ऑन लाइन परीक्षा में पेपर लीक प्रकरण मामले में रेलवे बोर्ड ने आरआरबी इलाहाबाद के चेयरमैन एनपी सिन्हा को दिल्ली तलब किया था। 28 एवं 29 अप्रैल को वे दिल्ली में ही थे। इस दौरान रेलवे बोर्ड ने आरआरबी चेयरमैन से पेपर लीक प्रकरण से जुड़े तमाम मसलों पर चर्चा की। यहां पेपर लीक प्रकरण पर एसटीएफ और अपनी तकनीकी टीम द्वारा की गई जांच की रिपोर्ट भी चेयरमैन ने बोर्ड के आला अधिकारियों के समक्ष पेश की।
बता दें कि इस मामले में रेलवे बोर्ड की विजलेंस की जांच भी चल रही है। कयास लगाए जा रहे थे कि आरआरबी प्रशासन 22 अप्रैल को आयोजित परीक्षा निरस्त कर देगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। तमाम पहलुओं पर जांच करने के बाद आरआरबी प्रशासन ने 22 अप्रैल को आयोजित सभी केंद्रों की ऑन लाइन परीक्षा आरआरबी प्रशासन ने परीक्षा निरस्त नहीं करने का निर्णय लिया है। आरआरबी इलाहाबाद के चेयरमैन एनपी सिन्हा ने इसकी पुष्टि की है। चेयरमैन के अनुसार जांच में पता चला है कि पेपर वायरल नहीं हुआ था। उन्होंने बताया कि परीक्षा प्रणाली में सुधार की गुंजाइश भी है।
इसे लेकर आरआरबी प्रशासन जल्द ही कोई ठोस निर्णय लेगा। वहीं दूसरी ओर छह केंद्रों को डिबार किए जाने की वजह से वहां 26 से 30 अप्रैल को आयोजित आरआरबी की ऑन लाइन परीक्षा दो एवं तीन मई को युनाइटेड इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी नैनी, शंभु नाथ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी झलवा, शंभुनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट झलवा, महावीर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी सराय इनायत, एसपी कान्वेंट इंटर कालेज मुंडेरा, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर एजुकेशन सुलेमसराय, आईओएन डिजिटल जोन आईडीजेड टू नैनी, आईओएन डिजिटल जोन आईडीजेड वन नैनी, आईडी त्रिपाठी इंटर कालेज धूमनगंज में होगी। इन सभी केंद्रों में 11100 परीक्षार्थी तीन पॉलियों में परीक्षा देंगे।