रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) नॉन टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी (एनटीपीसी) परीक्षा का तीसरे चरण का शेड्यूल जारी करने के बाद अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र डाउनलोड होने शुरू हो गए हैं। 31 जनवरी से आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा का तीसरा चरण शुरू होगा जो 12 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान देश भर में तकरीबन 28 लाख अभ्यर्थी शिरकत करेंगे। इसमें आरआरबी प्रयागराज के अधीन कुल अभ्यर्थियों की संख्या पौने दो लाख के आसपास है।
आरआरबी प्रयागराज द्वारा तीसरे चरण की परीक्षा यूपी, राजस्थान एवं उत्तराखंड के कानपुर, आगरा, मथुरा, झांसी, प्रयागराज, अलीगढ़, मुरादाबाद, ग्वालियर, रुड़की और देहरादून में होगी। इन शहरों में कुल 49 केंद्र बनाए गए हैं। बता दें कि आरआरबी प्रयागराज 4099 पदों के लिए परीक्षा ले रहा है। दूसरे चरण में होने वाले अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्र के शहर के बारे में आरआरबी प्रशासन ने जानकारी दे दी है।
अब परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र डाउन लोड होने शुरू हो गए हैं। आरआरबी प्रयागराज के चेयरमैन आरए जमाली ने बताया कि दूसरे चरण की परीक्षा 30 जनवरी तक होगी। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को भी परीक्षा प्रयागराज के अलावा अन्य सभी केंद्रों में हुई। सभी केंद्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि एनटीपीसी फेज-3 की परीक्षा के ई कॉल लेटर/एडमिट कार्ड परीक्षा अभ्यर्थी डाउनलोड कर सकते हैं।