इस रूट से निकलेगी यात्रा
स्वराज भवन से कर्नलगंज, विश्वविद्यालय मार्ग चौराहा, नेतराम, कटरा, लक्ष्मी टॉकीज, तेलियरगंज, फाफामऊ, मलाक हरहर, मलाक चौधरी मलकिया, सोरांव, मऊआइमा। लक्ष्मी टॉकीज में नुक्कड़ सभा प्रस्तावित है। फाफामऊ के पास हरिसेनगंज में शाम का नाश्ता होगा।
प्रदेश प्रभारी समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने डाला डेरा
भारत जोड़ो न्याय यात्रा का मार्ग संशोधित होने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शनिवार को ही प्रयागराज पहुंच गए और देर रात तक तैयारियों को अंतिम रूप देते रहे।
यात्रा में अविनाश पांडेय, जयराम रमेश समेत कई दिग्गज नेता साथ-साथ चल रहे हैं। राहुल गांधी के अचानक वायनाड रवाना होने के बाद राष्ट्रीय महासचिव के अलावा चारों सचिव, राज्यसभा में उप नेता प्रमोद तिवारी, पीएल पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, एमएलसी आराधना मिश्रा तथा अन्य वरिष्ठ नेता देर शाम प्रयागराज पहुंच गए हैं।
बेरोजगार युवाओं संग दिव्यांगों और ट्रेड यूनियनों से मिलेंगे राहुल
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान प्रयागराज में राहुल गांधी बेरोजगार युवाओं के अलावा दिव्यांगों, वंचितों, ट्रेड यूनियन के नेताओं से भी मिलेंगे। लोकसभा चुनाव से पहले सभी वर्ग के लोगों को साधने की यह कवायद लक्ष्मी टॉकीज पर नुक्कड़ सभा तथा रात्रि विश्राम के दौरान की जाएगी।
यात्रा के दौरान राहुल गांधी के अलग-अलग वर्ग का प्रतिनिधिमंडल संग वार्ता करने की उम्मीद है। प्रयागराज प्रतियोगियों तथा कर्मचारियों का शहर है। ऐसे में बेरोजगार युवाओं और कर्मचारियों के साथ ट्रेड यूनियन के लोगों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा दिव्यांगों, किसानों, व्यापारियों, इलाहाबाद विश्ववविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारियों आदि से भी मिलेंगे।
यात्रा के समन्वयक प्रदेश महासचिव मुकुंद तिवारी का कहना है कि राहुल गांधी से मिलने वालों की सूची तैयार की जा रही है। शीर्ष नेतृत्व के निर्देश के क्रम में मुलाकात कराई जाएगी।
नहीं आ रहीं प्रियंका
यात्रा में प्रियंका गांधी के शामिल होने की उम्मीद नहीं है। प्रियंका गांधी को यात्रा के उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने पर चंदौली में ही शामिल होना था, लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें अस्पताल में भी भर्ती करना पड़ा। इसकी वजह से वह चंदौली और वाराणसी में यात्रा में शामिल नहीं हो पाईं। ऐसे में प्रयागराज में भी उनके आने की उम्मीद कम है।
हालांकि, अब तबीयत ठीक बताई जा रही है और यह भी कहा जा रहा है कि वह अमेठी में राहुल गांधी की जनसभा के दौरान मौजूद रहेंगी। प्रयागराज में वरिष्ठ नेता अनिल शास्त्री, तीनों जिलाध्यक्ष प्रदीप मिश्र अंशुमन, सुरेश यादव, अरुण तिवारी, पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह, विजय प्रकाश, एमएलसी आराधना मिश्रा, मनीष मिश्रा, संजय तिवारी, फुजैल हाशमी, हसीब अहमद आदि नेता यात्रा का स्वागत का यात्रा स्वागत करेंगे।
पल्लवी पटेल होंगी शामिल
अपना दल कमेरावादी की नेता और सपा विधायक पल्लवी पटेल भी यात्रा में शामिल होंगी। पल्लवी के स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से पूरे यात्रा मार्ग पर होर्डिंग-बैनर लगाए गए हैं। हालांकि, इनमें यात्रा का जिक्र नहीं है। यात्रा में सपा नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के भी प्रयागराज में यात्रा में शामिल होने की बात कही जा रही है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बता दें कि राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन को लेकर दोनों नेता सपा के शीर्ष नेतृत्व से नाराजगी जता चुके हैं। ऐसे में इनके यात्रा में शामिल होने को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं।
यात्रा के रूट को लेकर बना रहा गतिरोध
कांग्रेस की न्याय यात्रा को लेकर पार्टी के भीतर तथा प्रशासन के साथ दोनों ही स्तर पर गतिरोध बना रहा। पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह और शहर अध्यक्ष प्रदीप मिश्र अंशुमन की ओर से बताया गया कि बमरौली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद ही यात्रा शुरू हो जाएगी, जो झलवा, राजरूपपुर, नक्खास कोहना, घंटाघर, जानसेनगंज, सिविल लाइंस लाइंस हनुमान मंदिर, हिंदू छात्रावास होते हुए लक्ष्मी टॉकीज पहुंचेगी।
इसके बाद फिर संशोधित कार्यक्रम जारी हुआ और इसके अनुसार स्वराज भवन से यात्रा शुरू होकर बालसन चौराहा, हिंदू छात्रावास, नेताराम होते हुए लक्ष्मी टॉकीज पहुंचेगी। पुलिस प्रशासन की ओर से भी इसी मार्ग को अनुमति दी गई। इसके विपरीत प्रदेश नेतृत्व तथा कई स्थानीय नेता स्वराज भवन से कर्नलगंज, कटरा, नेतराम होते हुए लक्ष्मी टॉकीज होते हुए यात्रा निकालने पर अड़े रहे।
कांग्रेस नेताओं तथा पुलिस प्रशासन के बीच काफी देर तक इस पर बैठक चली। देर रात तक इस रूट को अनुमति नहीं मिली थी। हालांकि अजय राय तथा प्रदेश संगठन मंत्री अनिल का कहना है कि यात्रा स्वराज भवन से कर्नलगंज, कटरा, नेतरात होते हुए ही लक्ष्मी टॉकीज पहुंचेगी।