फोटो कैप्शन : मांडा में खस्ताहाल उमापुर कला पंप नहर की सड़क से गुजरते राहगीर।
क्षेत्र के उमापुर पंप नहर की पटरी पर बनी करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क जगह-जगह धंस गई है। सड़क पर एक से डेढ़ फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरने से राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डेंगुरपुर से बामपुर तक सड़क की हालत सबसे ज्यादा खराब है।
महेवा कला निवासी शेरू और डेंगुरपुर के विपिन पांडेय ने बताया कि गंगा कटानरोधी कार्य के दौरान पत्थर लदे ओवरलोड ट्रकों के आवाजाही से सड़क जगह-जगह धंस गई। सड़क के दोनों किनारे भी बैठ गए हैं। जलभराव के कारण गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे बाइक सवार अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कार सवारों को भी सड़क से गुजरने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से सड़क मरम्मतीकरण की मांग की है। जेई सत्यवीर ने बताया कि सड़क की जांच कराकर उसे आगामी योजना में शामिल किया जाएगा और मरम्मत कराई जाएगी।