जनपदीय फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रिजवी स्प्रिंग फील्ड करारी व स्टेडियम बी के बीच खेला जाएगा। प्रतियोगिता में दोनों टीमों ने बेहतर प्रदर्शन कर फाइनल में प्रवेश किया है। इससे पहले बृहस्पतिवार को कौशांबी स्टेडियम में प्रतियोगिता का शुभारंभ सीडीओ हीरालाल ने किया। पहले दिन छह टीमों ने हिस्सा लिया।
फुटबाल प्रतियोगिता का पहला मुकाबला स्टेडियम ए व यूएफ क्लब के बीच हुआ। इसमें स्टेडियम टीम ने यूएफ क्लब को 2-0 से पराजित कर सेमी फाइनल में प्रवेश किया। सेमी फाइनल मैच स्टेडियम ए व रिजवी स्प्रिंग फील्ड करारी टीम के बीच खेला गया। सेमीफाइनल में रिजवी टीम ने 7-6 से पराजित कर फाइनल में स्थान बनाया।
दूसरा मुकाबला स्टेडियम बी व सरायअकिल क्लब के बीच हुआ। इसमें स्टेडियम बी ने सरायअकिल को 8-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल मैच में स्टेडियम बी ने भवंस मेहता कालेज को टाई ब्रेकर में 5-2 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला आठ दिसंबर को स्टेडियम बी व रिजवी स्प्रिंग फील्ड के बीच तीन बजे से होगा। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर उप क्रीड़ाधिकारी सुधीर श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि को बैज लगाकर स्वागत किया।