सैनी में पुलिस पार्टी पर हमला कर छीनी रिवाल्वर
ग्रामीणों की पिटाई से दरोगा-सिपाही समेत तीन जख्मी, जिला अस्पताल में भर्ती
कड़ा धाम कोतवाली पुलिस सैनी क्षेत्र के कछुआ गांव में बुधवार रात गई थी दबिश देने
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर/सिराथू। चोरी के एक मामले में दबिश देनी गई कड़ा धाम कोतवाली पुलिस पर कछुआ गांव के ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने घेरकर बेरहमी से पिटाई करने के बाद दरोगा की सर्विस रिवाल्वर छीन ली। पिटाई से एक दरोगा व दो सिपाही समेत तीन लोग लहूलुहान हो गए। जख्मी हालत में सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद एएसपी जिले भर की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस हमलावरों के साथ ही छीनी गई सर्विस रिवाल्वर की तलाश कर रही है। आईजी रेंज के मुताबिक इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।
कड़ा धाम कोतवाली के उपनिरीक्षक कृष्णराज सिंह, हमराही सिपाही दिलीप सिंह यादव व एक अन्य के साथ बुधवार की रात तकरीबन आठ बजे सैनी क्षेत्र के कछुआ गांव में चेारी के एक मामले को लेकर दबिश देने गए थे। बताया जा रहा है कि बस्ती में दबिश देने पहुंची पुलिस पार्टी से ग्रामीणों की बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों ने घेरकर पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। बेरहमी से पिटाई करने के बाद दरोगा की सर्विस रिवाल्वर भी छीन ली। पिटाई से दरोगा के साथ ही दोनों सिपाही भी लहूलुहान हो गए। सूचना मिलने के बाद अपर पुलिस अधीक्षक समर बहादुर सिंह, सीओ सिराथू रामवीर सिंह जिले भर की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। एएसपी ने फौरन जख्मी दरोगा-सिपाहियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजवाया। इसके बाद पूरे गांव में छावनी में तब्दील कर दिया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस मामले में पांच को गिरफ्तार कर लिया। देर रात रिवाल्वर भी बरामद हो गई थी।
------
घटना में पांच गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश
प्रयागराज। कौशांबी घटना पर आईजी केपी सिंह ने बताया कि इस मामले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने अवैध शराब बनने की सूचना पर दबिश देने गई थी तभी बहस हो गई। कड़ा धाम कोतवाली के एक दरोगा और सिपाही को चोटें आई हैं। दरोगा का रिवाल्वर मिल गया है।