एसएससी: 41.26 फीसदी अभ्यर्थियों ने छोड़ दी जेई की परीक्षा
कर्मचारी चयन आयोग की जूनियर इंजीनियर भर्ती 2022 की पेपर वन की परीक्षा से 41.26 फीसदी अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। मध्य क्षेत्र यानी यूपी और बिहार में परीक्षा के लिए कुल 143017 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जबकि 84011 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। यूपी में 56.42 और बिहार में 64.79 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। ऑनलाइन मोड में परीक्षा सोमवार से शुरू हुई थी। यह परीक्षा 14 से 16 नवंबर तक तीन पालियों में मध्य क्षेत्र में यानी यूपी और बिहार के 14 जिलों में 59 केंद्रों पर संपन्न हुई। सर्वाधिक उपस्थिति प्रयागराज में 65.05 और सबसे कम कानपुर में 51.06 फीसद रही। वहीं ट्रेड वार मैकेनिकल में 49.21, सिविल में 64.10 और इलेक्ट्रिकल में 59.55 फीसदी उपस्थिति रही।
स्टेनोग्राफर ग्रेड सी और डी 2022 परीक्षा आज से
कर्मचारी चयन आयोग की स्टेनोग्राफर ग्रेड सी और डी भर्ती परीक्षा 2022 ऑनलाइन मोड में 17 और 18 नवंबर को मध्यक्षेत्र में 18 जिलों में होगी। परीक्षा के लिए कुल 86 केंद्र बनाए गए हैं। यह परीक्षा आगरा, अलीगढ़, आरा,बरेली, भागलपुर, धनबाद, गोरखपुर, झांसी, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरपुर, पटना, प्रयागराज, पुर्णिया, रांची, वाराणसी में होगी। परीक्षा दो घंटे की तीन पालियों 9-11, 01-03, और 05-07 बजे के बीच संपन्न होगी। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं। साथ ही प्रवेश अभ्यर्थियों की मेल आईडी पर भेजे गए हैं। परीक्षा के लिए कुल 170320 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। इसमें सबसे अधिक अभ्यर्थी पटना में 27852 और सबसे कम आरा में 1380 हैं। परीक्षा के लिए सभी तैयारियां आयोग की ओर से पूरी कर ली गई हैं।
हिंदी ट्रांसलेटर और उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी
कर्मचारी आयोग ने जूनियर हिंदी ट्रांसलेटर, जूनियर ट्रांसलेटर और सीनियर हिंदी ट्रांसलेटर परीक्षा 2022 के प्रथम प्रश्नपत्र का परिणाम तीन नवंबर जारी किया था। आयोग ने इसकी अंतिम उत्तर कुंजी बुधवार को जारी कर दी है। यह आयोग की वेबसाइट पर 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। वहीं आयोग ने दिल्ली पुलिस में उपनिरीक्षक और सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स भर्ती 2022 की पेपर वन की परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी कर दी है। इसकी परीक्षा 9 से 11 नवंबर के बीच संपन्न हुई थी। यह उत्तर कुंजी वेबसाइट पर 20 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। आयोग के मुताबिक अभ्यर्थी उत्तर कुंजी का प्रिंट अपने पास भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।